हरियाली वाली दिवाली: चंडीगढ़ में लोगों ने इस मर्तबा ज्यादा पटाखे नहीं चलाए
Green Diwali
पढ़े लिखों के शहर ने दिखाई समझदारी, पर्यावरण का रखा ध्यान
चंडीगढ़ में प्रदूषण में आई गिरावट, नागरिकों की जागरूकता रंग लाई
चंडीगढ़, 21 अक्टूबर (साजन शर्मा): Green Diwali: दिवाली के मौके पर चंडीगढ़वासियों ने एक बार फिर यह साबित कर दिया कि यदि जनभागीदारी हो तो पर्यावरण संरक्षण कोई असंभव कार्य नहीं। चंडीगढ़ प्रशासन और प्रदूषण नियंत्रण समिति द्वारा निर्धारित नियमों के अनुसार, इस बार केवल ग्रीन पटाखे चलाने की अनुमति दी गई थी, वो भी केवल रात्रि 8 से 10 बजे तक। यानि हवा की गुणवत्ता पहले से बेहतर रही और शहर के नागरिकों का सहयोग सराहनीय रहा। इस बार दिवाली से एक दिन पहले (19 अक्टूबर 2025) वायु की गुणवत्ता सामान्य रही और दिवाली की रात में भी अधिकतर इलाकों में शांति बनी रही।
दिवाली (20 अक्टूबर 2025) को अधिकांश नागरिकों ने समयसीमा का पालन किया, जिससे पटाखों का उपयोग कम हुआ और वायु गुणवत्ता 21 अक्टूबर की सुबह 1 बजे से संतोषजनक श्रेणी में लौट आई। चंडीगढ़ प्रदूषण नियंत्रण समिति और पर्यावरण विभाग ने नागरिकों को उनके जागरूक और जिम्मेदार व्यवहार के लिए धन्यवाद दिया। ग्रीन दिवाली अभियान, विशेषकर स्कूलों में चलाए गए कार्यक्रमों, ने खासकर युवा पीढ़ी में पर्यावरण के प्रति समझदारी बढ़ाई है। इस बार की दिवाली ने यह दिखा दिया कि यदि प्रशासन और जनता एकजुट हों, तो हम प्रदूषण मुक्त और शांतिपूर्ण उत्सव मना सकते हैं। हालांकि, कुछ क्षेत्रों में ध्वनि और वायु प्रदूषण अब भी चिंता का विषय हैं, लेकिन लगातार सुधार यह दर्शाता है कि चंडीगढ़ हर साल हरियाली की ओर एक कदम और बढ़ा रहा है।
वायु गुणवत्ता निगरानी (एक्यूआई): छह स्थानों पर तुलनात्मक विश्लेषण
दिवाली पर एक्यूआई: ‘बहुत खराब’ श्रेणी में पहुंचे कुछ क्षेत्र:
इमटेक (सेक्टर 39): 318
सेक्टर 53: 304
पेक-12: 312
‘खराब’ श्रेणी में रहे:
सेक्टर 22: 234
सेक्टर 25: 296
केवल सेक्टर 17 ‘मॉडरेट’ श्रेणी में रहा:
सेक्टर 17: 183
सेक्टर 22 में 4 वर्षों का तुलनात्मक एक्यूआई (दिवाली के दिन)
वर्ष सामान्य दिन एक्यूआई दिवाली दिन एक्यूआई श्रेणी
2022 113 320 बहुत खराब
2023 147 392 बहुत खराब
2024 140 395 बहुत खराब
2025 97 234 खराब
सेक्टर 22, 25, 17 और 53 में पिछले सालों की तुलना में 2025 में बेहतर वायु गुणवत्ता दर्ज की गई।
ध्वनि प्रदूषण में वृद्धि, कुछ जगहों पर तय सीमा से अधिक
ध्वनि मानक:
दिन में: 55 डीबी(ए)
रात में: 45 डीबी(ए)
सेक्टर 22 में उच्चतम शोर स्तर
रात 9 से 10 बजे: 80.7 डीबी(ए)
10 से 11 बजे: 76.2 डीबी(ए)
11 से 12 बजे: 66.6 डीबी(ए)
रात 10 बजे के बाद भी पटाखों की आवाज़ें सुनाई दीं, जो मानकों का उल्लंघन है।