चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी के छात्र की चाकू मारकर हत्या, पुरानी रंजिश में 4 के खिलाफ केस
- By Gaurav --
- Thursday, 02 Apr, 2026
Chandigarh University Student Stabbed
Kharar के खरड़-मोरिंडा रोड स्थित टोल प्लाजा के पास गुरफतेह टाउन में पुरानी रंजिश के चलते Chandigarh University के एक छात्र की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान अमन दहिया (22) निवासी Sonipat के रूप में हुई है, जो बीए एलएलबी (भाग-3) का छात्र था।
पुलिस ने इस मामले में राम, मोनू, विनय और लवीसा नाम की एक युवती सहित चार लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मृतक के चाचा अनिल कुमार, जो पेशे से वकील हैं और गांव गढ़ीबाला (थाना कुंडली, जिला सोनीपत) के रहने वाले हैं, ने बताया कि अमन उनके बड़े भाई सुंदर दहिया का बेटा था और चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी में पढ़ाई कर रहा था।
अनिल कुमार के अनुसार, 1 अप्रैल तड़के करीब 3 बजे उन्हें अमन के दोस्त हर्ष के मोबाइल से फोन आया, जिसमें बताया गया कि कुछ युवकों ने अमन पर चाकू से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया है और उसे अस्पताल ले जाया जा रहा है। इसके बाद उन्होंने अमन से फोन पर बात की, जिसमें उसने बताया कि ‘राम’ नाम का युवक उसे पहले भी कई बार जान से मारने की धमकी दे चुका था।
बताया गया कि घटना वाली रात अमन अपने फ्लैट में था। इसी दौरान यूनिवर्सिटी में पढ़ने वाली लवीसा उसके पास आई और उसे गुरफतेह टाउन स्थित अपने फ्लैट तक छोड़ने के लिए कहा। अमन उसे कार से छोड़ने गया। जैसे ही लवीसा अपने फ्लैट में गई और अमन वापस लौटने लगा, तभी रात करीब 2 बजे राम, मोनू और विनय वहां पहुंच गए और उसे घेर लिया।
आरोप है कि उसी समय लवीसा ने अंदर से आवाज लगाई कि “आज बड़ी मुश्किल से इसे यहां बुलाया है, आज इसे जिंदा नहीं छोड़ना।” इसके बाद मोनू और विनय ने अमन को पीछे से पकड़ लिया, जबकि राम ने चाकू से उसकी छाती और पीठ पर कई वार कर दिए। इसके बाद चारों ने मिलकर उसकी बेरहमी से पिटाई की।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।