चंडीगढ़ दूरदर्शन केंद्र में पुलिस फोर्स का एक्शन: कंट्रोल रूम में ऐसी कॉल चलने से मची अफरा-तफरी, फिर..

चंडीगढ़ दूरदर्शन केंद्र में पुलिस फोर्स का एक्शन: कंट्रोल रूम में ऐसी कॉल चलने से मची अफरा-तफरी, फिर..

Chandigarh Police Action in Doordarshan Kendra

Chandigarh Police Action in Doordarshan Kendra

Chandigarh News : चंडीगढ़ पुलिस कंट्रोल रूम में एक कॉल ने पुलिस विभाग की फोर्स को इसकदर एक्टिव कर दिया कि सेक्टर-37 स्थित दूरदर्शन केंद्र में अफरा-तफरी का आलम देखने को मिला| अचानक मौके पर पहुंची चंडीगढ़ पुलिस फोर्स यहां एक अलग ही एक्शन मोड में नजर आई| पुलिस फोर्स ने दूरदर्शन केंद्र के सारे कर्मचारियों को बाहर निकलने और इस जगह से दूर जाकर सुरक्षित जगह जाने को कहा| इसके साथ ही आस-पास के क्षेत्र को सील कर दिया गया ताकि बिना किसी नुकसान के आपरेशन को सफलतापूर्वक अंजाम दिया जा सके| इधर, लोग सकते में थे आखिर हो क्या गया है? हालांकि, कुछ देर बाद मालूम पड़ा कि ये सब कुछ चंडीगढ़ पुलिस की मॉक ड्रिल का हिस्सा है।

दरअसल, अचानक सामने वाली विपदा से निपटने और सुरक्षा की तैयारियों का जायजा लेने के लिए चंडीगढ़ पुलिस द्वारा ही शुक्रवार सुबह 11 बजे के करीब कंट्रोल रूम में कॉल चलाई गई कि सेक्टर-37 स्थित दूरदर्शन केंद्र में एक संदिग्ध वस्तु मौजूद है| जिसके बाद चंडीगढ़ पुलिस विभाग में हलचल मच गई| चंडीगढ़ पुलिस के अलग-अलग अधिकारी, स्थानीय पुलिस टीम व बम स्क्वायड, डाग स्क्वायड, आपरेशन सेल, क्राइम ब्रांच जैसी यूनिटें मौके पर पहुंचने लगीं और मौके पर एक्शन मोड के साथ कार्रवाई शुरू कर दी गई| दूरदर्शन केंद्र की तरफ एंट्री के रास्ते रोक दिए गए| यह सब देखकर ऐसा प्रतीत हो रहा था जैसे मानो पुलिस फोर्स द्वारा किसी बड़े आपरेशन को अंजाम दिया जा रहा हो|

हाल ही में बुड़ैल जेल में हुई थी मॉक ड्रिल .....

ध्यान रहे कि, हाल ही में चंडीगढ़ की बुड़ैल जेल में मॉक ड्रिल की गई थी| यहां अचानक बजे खतरे के सायरन ने भारी हड़कंप मचा दिया था| सायरन के बजने पर जहां जेल में बंद कैदियों में खासी हड़बड़ी पैदा हो गई थी तो वहीं जेल प्रशासन हरकत में आते देखा गया था| जेल में खतरे का सायरन बजने पर चंडीगढ़ पुलिस के आलाधिकारियों सहित कई अलग-अलग टीमों ने मौके पर पहुंचकर एक्शन मोड में बुड़ैल जेल का मुआयना शुरू किया था| बाद में बताया गया कि यह एक मॉक ड्रिल है|

रिपोर्ट - रंजीत शम्मी