Chandigarh Corona Death Case: चंडीगढ़ में कोरोना से 40 साल के शख्स की मौत; GMCH-32 में इलाज चल रहा था

चंडीगढ़ में कोरोना से 40 साल के शख्स की मौत; GMCH-32 में इलाज चल रहा था, सांस लेने में तकलीफ थी, पंजाब से यहां आया था

Chandigarh Corona Death Case

Chandigarh Corona Death Case Report Latest News Update

Chandigarh Corona Death Case: कोरोना वायरस एक बार फिर म्यूटेट हुआ है। जहां इसके म्यूटेशन के साथ नए वेरिएंट के सक्रिय होने से देश में कोरोना के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। इस बीच कुछ लोगों की जान भी जा चुकी है। वहीं अब चंडीगढ़ से भी खबर आ रही है कि, यहां कोरोना से पीड़ित 40 साल के एक शख्स की मौत हो गई है। तमाम मीडिया रिपोर्ट्स में जानकारी मिल रही है कि, इस शख्स का इलाज सेक्टर-32 स्थित गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (GMCH-32) में इलाज चल रहा था।

सांस लेने में तकलीफ थी

कोरोना से जान गंवाने वाले शख्स का नाम राजकुमार है। बताया जाता है कि, राजकुमार को 3 दिन से सांस लेने में तकलीफ हो रही थी। उसकी कोरोना रिपोर्ट पॉज़िटिव आई थी। वह एक दिन पहले ही पंजाब के लुधियाना से चंडीगढ़ पहुंचा था और GMCH-32 में इलाज के लिए एड्मिट हुआ था। लेकिन उसकी जान नहीं बच सकी। जानकारी के अनुसार, राजकुमार मूल रूप से उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद का निवासी था। वर्तमान में वह लुधियाना में काम करता था और यहीं रह रहा था। कोरोना से राजकुमार की मौत ने स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मचा दिया है।

देश में कोरोना के 1000 से ज्यादा सक्रिय मामले

देश में कोरोना के मामले एकदम से बढ़े हैं। 5 दिन पहले जहां 200 के आसपास कोरोना के सक्रिय मामले थे तो वहीं आज अगर भारत सरकार की आधिकारिक वेबसाइट देखें तो कोरोना वायरस के एक्टिव केसों की संख्या 1010 हो गई है। भारत के किस राज्य में इस वक़्त कितने एक्टिव मामले हैं। इसकी जानकारी दी गई है। बताया जा रहा सबसे ज्यादा कोरोना के मामले केरल से सामने आए हैं। इसके बाद महाराष्ट्र और दिल्ली में कोरोना के मामलों की संख्या सबसे ज्यादा है। वहीं हरियाणा में इस समय 10 से ज्यादा मामले हैं और पंजाब में 3 मामले हैं।

वहीं गुजरात, कर्नाटक, तमिलनाडु, उत्तर प्रदेश, राजस्थान और पश्चिम बंगाल से तक देश के अलग-अलग राज्यों में कोरोना के नए मामले सामने आए हैं। वहीं बताया जा रहा है कि, महाराष्ट्र, केरल, कर्नाटक में 6 लोगों की मौत हो गई है। फिलहाल कोरोना के नए वेरिएंट JN.1 NB.1.8.1 पर विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) की नजर है और अभी तक कोरोना के इस रूप को लेकर बहुत ज्यादा चिंता का कारण नहीं बताया गया है।

दिल्ली से लेकर महाराष्ट्र तक सभी अस्पताल अलर्ट पर

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सरकार ने एक एडवाइजरी जारी कर सभी अस्पतालों को सतर्क रहने और कोविड से निपटने की पूरी तैयारी रखने के निर्देश दिए हैं। दिल्ली सरकार ने कोविड-19 को लेकर एडवाइजरी जारी कर सभी अस्पतालों को कहा है कि वे बेड, ऑक्सीजन, दवाइयों और वैक्सीन की पूरी व्यवस्था रखें। यानि दिल्ली से लेकर महाराष्ट्र तक सभी अस्पताल अलर्ट पर हैं।

घबरायें नहीं बस सावधानी रखें

भारत में एक बार फिर बढ़ते कोरोना वायरस के मामलों को लेकर घबराने जैसी कोई बात नहीं है। क्योंकि ऐसा नहीं है कोरोना कहीं चला गया था। इसकी शुरुवात से यह लगातार हमारे बीच में ही है और परिवर्तन के साथ अपना असर करता है। अब इसका इलाज भी है। इसलिए बस सावधानी रखनी है और बताए गए नियम अपनाने हैं। जैसे मास्क लगाकर रखिए। हाथ धोते रहिए। सार्वजनिक चीजों और जगहों छूने से बचिए। इसके लक्षण खांसी-जुखाम जैसे ही हैं। वहीं आपको बुखार गले में दर्द और सांस लेने में तकलीफ़ भी हो सकती है।

कोरोना से गई थी लाखों लोगों की जान

साल 2020-21 में कोरोना वायरस की भयानक महामारी भारत समेत दुनिया के अन्य देशों में तेजी से फैली थी। उस भयानक महामारी को लोग अभी तक नहीं भूल पाए हैं। कोरोना का वो प्रकोप आज भी जब लोगों के जहन में आता है तो लोग सिहर उठते हैं। इस वायरस ने देश में लाखों लोगों की जान ले ली थी। साथ ही दुनियाभर के अन्य देशों में भी भारी संख्या में लोग अपनी जान गवां बैठे थे। कोरोना वायरस की शुरुवात दिसंबर 2019 में चीन के वुहान से हुई थी। जिसके बाद ये भारत समेत और देशों में तेजी से फैलता चला गया।