चंडीगढ़ में BJP ऑफिस पर ग्रेनेड ब्लास्ट का मामला; 5 आरोपी गिरफ्तार, पाकिस्तानी ISI से संपर्क, विदेशी हैंडलर दे रहे थे निर्देश
Chandigarh BJP Office Grenade Blast Case 5 accused arrested Pakistani ISI
Chandigarh Grenade Blast Case: 1 अप्रैल बुधवार को चंडीगढ़ के सेक्टर 37 स्थित पंजाब BJP ऑफिस पर ग्रेनेड ब्लास्ट अटैक का मामला सुलझा लिया गया है। चंडीगढ़ पुलिस और पंजाब पुलिस ने जॉइंट ऑपरेशन में इस मामले में बड़ी सफलता हासिल करते हुए 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जबकि मामले से संबन्धित अन्य आरोपियों की पहचान कर उनकी धरपकड़ के लिए जाइंट ऑपरेशन अभी जारी है। पकड़े गए आरोपियों के पास से एक ज़िंदा हैंड ग्रेनेड, एक 30 बोर जिगाना पिस्टल और 10 ज़िंदा .30 बोर के कारतूस बरामद किए गए हैं.
इस ग्रेनेड अटैक केस में जिन 5 आरोपियों की गिरफ्तारी की गई है। उनकी पहचान बलविंदर लाल उर्फ शमी, जसवीर सिंह उर्फ जस्सी, चरणजीत सिंह उर्फ चन्नी, रूबल चौहान और मंदीप उर्फ अभिजोत शर्मा के तौर पर हुई है। चंडीगढ़ पुलिस ने पंजाब पुलिस की काउंटर इंटेलिजेंस विंग के साथ जॉइंट ऑपरेशन चलाकर इन सभी आरोपियों को पकड़ने में कामयाबी पाई। चंडीगढ़ पुलिस ने जानकारी दी है कि मामले में शामिल दो मुख्य आरोपी, जिनकी पहचान गुरतेज सिंह और अमनप्रीत सिंह के तौर पर हुई है, अभी फरार हैं, और पुलिस टीमें उन्हें पकड़ने के लिए छापेमारी कर रही हैं।
पाकिस्तानी ISI से संपर्क
चंडीगढ़ पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, शुरुआती जांच से पता चला है कि आरोपियों का इस मॉड्यूल को पाकिस्तानी ISI का सपोर्ट था और यह पुर्तगाल और जर्मनी में मौजूद विदेशी हैंडलर्स के निर्देशों पर काम करता था। आरोपी हमले को अंजाम देने के लिए कई कटआउट और सब-मॉड्यूल वाले एक स्ट्रक्चर्ड नेटवर्क का हिस्सा थे। चंडीगढ़ पुलिस ने बताया कि आरोपियों ने हैंड ग्रेनेड, हथियार और जिंदा कारतूस वाला एक कंसाइनमेंट ट्रांसपोर्ट किया था और आखिरी अपराधियों को सौंपे जाने से पहले इस कंसाइनमेंट को कई ऑपरेटिव्स के ज़रिए सर्कुलेट किया गया था।
चंडीगढ़ पुलिस के अनुसार, पुर्तगाल के हैंडलर बलजोत सिंह उर्फ जोत के कहने पर, आरोपियों ने हमले की डिलीवरी और उसे अंजाम देने के लिए कोऑर्डिनेट किया। पूरे नेटवर्क का पता लगाने, सप्लाई चेन का पता लगाने और मॉड्यूल के आगे-पीछे के लिंक का पता लगाने के लिए आगे की जांच चल रही है। गौरतलब है कि 1 अप्रैल बुधवार को पंजाब BJP ऑफिस के बाहर ग्रेनेड फेंका गया था। गनीमत यह रही कि इस ब्लास्ट में कोई हताहत और घायल नहीं हुआ। इस घटना से पूरे चंडीगढ़ में दहशत और सनसनी का माहौल बन गया था और शहर में सुरक्षा को लेकर कई सवाल खड़े हो गए।