AC Temperature Chandigarh: चंडीगढ़ में AC चलाने को लेकर प्रशासन का निर्देश; कहा- 24 डिग्री सेल्सियस से नीचे न रखें तापमान

चंडीगढ़ में AC चलाने को लेकर प्रशासन का निर्देश; कहा- 24 डिग्री सेल्सियस से नीचे न रखें तापमान, इन जगहों के लिए रहेगी छूट

Chandigarh AC Temperature Guidelines For Government-Public Buildings

Chandigarh AC Temperature Guidelines For Government-Public Buildings

AC Temperature In Chandigarh: भीषण गर्मी के बीच एयर कंडीशनर यानि AC की डिमांड और उपयोगिता खूब बढ़ जाती है। घर से लेकर कार, दफ्तर या होटल, मॉल जैसे अन्य कमर्शियल प्लेस। हर जगह पर AC का उपयोग किया जाता है। वहीं अब चंडीगढ़ में AC चलाने को एक खास निर्देश जारी किया गया है। जिसमें चंडीगढ़ प्रशासन (Chandigarh Administration) द्वारा कहा गया है कि केंद्र शासित प्रदेश के सभी वातानुकूलित सरकारी-सार्वजनिक भवनों में AC का तापमान 24 डिग्री सेल्सियस से नीचे न रखा जाए।

प्रशासन ने कहा है कि ये निर्देश चंडीगढ़ के सरकारी विभागों, शैक्षणिक संस्थानों, बोर्डों, निगमों, वाणिज्यिक प्रतिष्ठानों तथा हवाई अड्डों, होटलों, शॉपिंग मॉल, कार्यालयों और अन्य बड़े भवनों पर लागू होगा। इन जगहों पर कूलिंग सिस्टम के संचालन एवं रखरखाव से जुड़े अधिकारियों/कर्मचारियों को निर्देशित किया गया है कि वे आरामदायक इनडोर परिस्थितियों को बनाए रखते हुए इस संबंध (AC Temperature) में अनुपालन सुनिश्चित करें।

इन जगहों पर दी गई छूट

हालांकि, प्रशासन ने यह भी कहा है कि जिन संस्थानों में विशेष तापमान की आवश्यकता होती है, जैसे स्वास्थ्य संस्थान, ऑपरेशन थिएटर, खाद्य प्रसंस्करण इकाइयां तथा डेटा सेंटर, उन्हें इस इससे छूट प्रदान की गई है। इसके अलावा प्रशासन ने शहर के उन लोगों के लिए एडवाइजरी जारी की है जो अपने घरों और निजी कार्यालयों में AC का तापमान 24 डिग्री सेल्सियस से नीचे रखते हैं। उन्हें भी सलाह दी गई है कि वे AC का तापमान 24 डिग्री सेल्सियस या इससे ऊपर रखें।

लगभग 24 प्रतिशत तक बिजली की बचत हो सकती

चंडीगढ़ प्रशासन ने बताया कि, भारत सरकार के ब्यूरो ऑफ एनर्जी एफिशिएंसी (BEE) के अनुमानों के अनुसार, एसी के तापमान में प्रत्येक 1 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि से लगभग 6 प्रतिशत ऊर्जा की बचत संभव है। चूंकि अधिकांश एसी सामान्यतः 20-21 डिग्री सेल्सियस पर चलाए जाते हैं, ऐसे में तापमान को बढ़ाकर 24-25 डिग्री सेल्सियस करने से लगभग 24 प्रतिशत तक बिजली की बचत की जा सकती है, बशर्ते उचित वायु प्रवाह बनाए रखा जाए, जिससे उपयोगकर्ताओं की सुविधा भी प्रभावित न हो।

बिजली खपत कम करने में महत्वपूर्ण कदम

चंडीगढ़ प्रशासन द्वारा ऊर्जा संरक्षण और बिजली खपत कम करने की दिशा में यह महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। प्रशासन ने बताया कि यह पहल इंजीनियरिंग विभाग, यूटी चंडीगढ़ के अंतर्गत ऊर्जा प्रबंधन प्रकोष्ठ (EMC)/स्टेट डिज़िग्नेटेड एजेंसी (SDA) द्वारा की जा रही है, जो शहर में ऊर्जा दक्षता उपायों के क्रियान्वयन के लिए नोडल एजेंसी है। यह परामर्श ऊर्जा संरक्षण अधिनियम, 2001 तथा विद्युत मंत्रालय, भारत सरकार के ब्यूरो ऑफ एनर्जी एफिशिएंसी (BEE) के दिशा-निर्देशों के अनुरूप जारी किया गया है। इस पहल के माध्यम से ऊर्जा संरक्षण को बढ़ावा देने, कार्बन उत्सर्जन में कमी लाने, बिजली की मांग घटाने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई है।