चैत्र नवरात्रि एवं नव संवत्सर 2083: राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने दी प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं

चैत्र नवरात्रि एवं नव संवत्सर 2083: राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने दी प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं

Chaitra Navratri and New Samvatsar 2083

Chaitra Navratri and New Samvatsar 2083

लखनऊ। Chaitra Navratri and New Samvatsar 2083, राज्यपाल आनंदीबेन पटेल व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने देश व प्रदेशवासियों को चैत्र नवरात्र की बधाई दी है। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने चैत्र नवरात्र की शुभकामना की है।

राज्यपाल ने अपने बधाई संदेश में कहा कि नवरात्र के नौ दिन आत्मशुद्धि, संयम और नवचेतना के प्रतीक हैं। यह पर्व हमें अधर्म पर धर्म, अज्ञान पर ज्ञान तथा असत्य पर सत्य की विजय का संदेश देता है। उन्होंने प्रदेश एवं देशवासियों के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि एवं उत्तम स्वास्थ्य का संचार होने की कामना की है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भारतीय नव संवत्सर हमारी समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा का प्रतीक है, जो नवीनता, नवचेतना और नवसंकल्प का संदेश देता है। चैत्र नवरात्र का पर्व आदिशक्ति की उपासना का विशेष काल है, जिसमें साधना, उपवास, जप और ध्यान के माध्यम से आत्मशुद्धि एवं आत्मबल की प्राप्ति होती है।

नवरात्र का यह पावन समय प्रकृति में परिवर्तन के साथ-साथ जीवन में सकारात्मक ऊर्जा और संतुलन का संचार करता है तथा यह पर्व अनुशासन, संयम और समर्पण के साथ अपने कर्तव्यों के प्रति सजग रहने की प्रेरणा देता है।

मुख्यमंत्री ने चेटी चन्द के पावन अवसर पर प्रदेशवासियों, विशेषकर सिंधी समाज के सभी नागरिकों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। अपने शुभकामना संदेश में उन्होंने कहा कि चेटी चन्द का पर्व भारतीय संस्कृति की समृद्ध परंपरा, आस्था और सामाजिक समरसता का प्रतीक है। यह दिवस भगवान झूलेलाल जी की जयंती के रूप में मनाया जाता है, जिन्होंने मानवता, सद्भाव और एकता का संदेश देकर समाज को नई दिशा प्रदान की।

उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने प्रदेशवासियों को पावन पर्व चैत्र नवरात्रि की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। शुभकामना संदेश में उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद ने कहा कि चैत्र नवरात्रि भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिक चेतना का प्रतीक है।

यह पर्व शक्ति, श्रद्धा और भक्ति का संगम है, जिसमें हम सभी मां दुर्गा के नौ स्वरूपों की आराधना कर जीवन में सकारात्मक ऊर्जा और शक्ति का संचार करते हैं। उन्होंने कहा कि मां दुर्गा की कृपा से समाज में सुख, शांति और समृद्धि का विस्तार होता है।यह पावन अवसर हमें बुराइयों पर अच्छाइयों की विजय का संदेश देता है तथा सत्य, धर्म और न्याय के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है।

उप मुख्यमंत्री ने कामना की कि मां दुर्गा सभी प्रदेशवासियों के जीवन में सुख, समृद्धि और सफलता का आशीर्वाद प्रदान करें। उन्होंने सभी से आग्रह किया कि इस पावन पर्व को श्रद्धा, भक्ति और सामाजिक सौहार्द के साथ मनाएं तथा समाज में एकता और भाईचारे को मजबूत करें।

उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने शुभकामना संदेश में कहा कि आप सभी देश एवं प्रदेशवासियों को चैत्र नवरात्रि एवं हिंदू नव संवत्सर की हार्दिक बधाई एवं अनंत शुभकामनाएं। मां भगवती के चरणों में प्रार्थना है कि इस नव संवत्सर आप सभी का जीवन आरोग्य, समृद्धि और आनंद से परिपूर्ण हो।