सावधान! साइबर ठगों का नया हथियार 'जियो-फेंसिंग': नोएडा पुलिस और ई-कॉमर्स कंपनियां मिलकर कसेंगी शिकंजा
Caution! Cyber Crooks' New Weapon
नोएडा। Caution! Cyber Crooks' New Weapon, साइबर ठग पीड़ितों के बैंक खाते से रकम ही नहीं उड़ा रहे हैं। वह रकम को एटीएम से निकालने, यूएसडीटी यानि क्रिप्टो करेंसी में बदलकर खपाने के अलावा ऑनलाइन सामान खरीदने में भी खपा रहे हैं।
ठगी की रकम से सामान डिलीवरी कराने के दौरान अंतिम समय में डिलीवरी का पता बदलकर(जियो फेंसिंग) अपराध कर रहे हैं। हाल के दिनों में कई साइबर ठगी में इस तरह के साक्ष्य मिले हैं।
गौतमबुद्ध नगर कमिश्नरेट पुलिस साइबर ठगों के पैतरों को लेकर सतर्क हो गई है। ई-कामर्स कंपनी प्रबंधन संग रणनीति बनाने पर जोर दे रही है।
रकम उड़ाने के अलावा ठग क्रेडिट कार्ड के विवरण का करते हैं उपयोग
साइबर ठग रकम उड़ाने के अलावा पीड़ितों के चोरी या दुरुपयोग किए गए क्रेडिट कार्ड विवरणों का भी उपयोग कर रहे हैं। वह क्रेडिट कार्ड से ऑनलाइन प्लेटफार्म पर सोने के सिक्के, गिफ्ट कार्ड तथा प्रीमियम स्मार्टफोन जैसे महंगे सामान की खरीदारी कर रहे हैं। इस तरह से भी ठगी की रकम को खपाया जा रहा है।
पिछले दिनों कानपुर से जुड़े साइबर ठगी के मामले में यह बात सामने आई थी कि ठगी में से 54 लाख रुपये नोएडा की एक फर्म के खाते में आए थे। इस रकम से सोना खरीदा गया था। कानपुर पुलिस मामले में जांच कर रही है।
इन विषयों पर है साइबर पुलिस का जोर
डीसीपी साइबर सुरक्षा शैव्या गोयल ने बताया कि ऑनलाइन मार्केटप्लेस और पेमेंट गेटवे के दुरुपयोग रोकने के तरीकों पर विचार, संदिग्ध लेनदेन को प्रारंभिक स्तर पर रोकने के लिए निवारक तंत्र को मजबूत करना, ई-कामर्स प्लेटफार्म पर सुरक्षा प्रोटोकाल और फ्रॉड डिटेक्शन सिस्टम को और प्रभावी बनाना, संदिग्ध लेनदेन की जानकारी समय रहते कानून प्रवर्तन एजेंसियों के साथ साझा करना, ऑनलाइन सेवाओं के दुरुपयोग को रोकने के लिए जियो-फेंसिंग, उन्नत केवाईसी सत्यापन व व्यवसाय प्रमाणीकरण जैसी व्यवस्थाओं को लागू करने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं
क्या है जियो फेंसिंग
साइबर एक्सपर्ट संतोष तिवारी के मुताबिक किसी भी ऑनलाइन साइट से आर्डर कर सामान डिलीवरी कराने वाले पते को अंतिम समय में बदलकर सामान ले लिया जाता है। इसको ही जियो फेंसिंग कहते हैं। साइबर ठग भी इस तरह से अपराध करता है। खासतौर पर जामताड़ा और मेवाती गिरोह के सदस्य ऐसा करते हैं।
ई-कामर्स कंपनी प्रबंधन संग मंथन
गौतमबुद्ध नगर कमिश्नरेट पुलिस जियो फेंसिंग रोकने की दिशा में प्रयासरत है। हाल में पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह ने सेक्टर 108 स्थित कार्यालय में ई-कामर्स और पेमेंट गेटवे कंपनी प्रबंधन और प्रतिनिधियों संग मंथन भी किया जा चुका है।
उन्होंने बैठक में साइबर ठगी के विभिन्न पहलूओं संग जियो फेंसिंग को लेकर भी मंथन किया। उन्होंने इस दिशा में ठोस से ठोस कदम उठाने और जियो फेंसिंग रोकने पर जोर दिया था ताकि साइबर अपराधियों के पैतरे पर अंकुश लगाया जा सके।