गायक मासूम शर्मा पर मुकदमा दर्ज; कॉलेज मंच से मां-बहन की गालियां देने का आरोप

गायक मासूम शर्मा पर मुकदमा दर्ज; कॉलेज मंच से मां-बहन की गालियां देने का आरोप

Case Registered Against Singer Masoom Sharma

Case Registered Against Singer Masoom Sharma

देहरादून। Case Registered Against Singer Masoom Sharma, डीएवी कॉलेज में आयोजित छात्रसंघ समारोह के दौरान मंच से मां बहन की गालियां देने वाले हरियाणवी गायक मासूम शर्मा के खिलाफ डालनवाला कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया। मुकदमा छात्र प्रतिनिधि प्रांचल नौनी की तहरीर पर दर्ज किया गया है।

पुलिस को दी तहरीर में प्रांचल ने बताया कि 11 अप्रैल को डीएवी (पीजी) कॉलेज, देहरादून में छात्रसंघ कार्यक्रम के दौरान हरियाणवी गायक मासूम शर्मा को आमंत्रित किया गया था। कार्यक्रम के दौरान गायक ने भरे मंच पर सार्वजनिक रूप से सैकड़ों छात्र-छात्राओं, छोटे-छोटे बच्चों तथा समाज के समक्ष बार-बार अभद्र भाषा का प्रयोग किया, जिसमें मां-बहन की गालियां तथा अन्य अश्लील शब्द शामिल थे।

उन्होंने बताया कि इस घटना का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो गया है, जिससे पूरे उत्तराखंड सहित देशभर में व्यापक आक्रोश व्याप्त है। यह घटना शैक्षणिक प्रांगण (कॉलेज कैंपस) में हुई, जो एक सार्वजनिक स्थान है। इससे डीएवी पीजी कॉलेज तथा सम्पूर्ण देहरादून शहर की छवि गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हुई है।

एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर धारा 296 बीएनएस (अश्लील कृत्य एवं गीत) सार्वजनिक स्थान पर अश्लील शब्द गीतों का उच्चारण करना, जिससे दूसरों को कष्ट या आक्रोश हो, धारा 352 बीएनएस (जानबूझकर अपमान कर सार्वजनिक शांति भंग करने की उकसावा) जानबूझकर अपमानित करके व्यक्ति को शांति भंग करने या अपराध करने के लिए उकसाना के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

कार्रवाई न होने पर दी आंदोलन की चेतावनी

उन्होंने बताया कि यदि गायक के खिलाफ शीघ्र कार्रवाई नहीं की जाती है तो वह समस्त छात्र-छात्राओं, अभिभावकों तथा सामाजिक संगठनों के साथ मजबूरन थाना घेराव एवं शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन के लिए बाध्य होना पड़ेगा।

गाली गलौज का वीडियो इंटरनेट पर तेजी से हो रहा प्रसारित

गायक मासूम शर्मा का भरे मंच से गाली गलौज का वीडियो तेजी से इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रहा है। देहरादून ही नहीं पूरे उत्तराखंड व देश में गायक के विरुद्ध लोगों का गुस्सा देखने को मिल रहा है। हरियाणा से ही कई लोग गायक पर तरह-तरह की टिप्पणी कर रहे हैं।