लखनऊ में कोर्ट मैरिज के बाद दहेज और ब्लैकमेल का मामला

लखनऊ में कोर्ट मैरिज के बाद दहेज और ब्लैकमेल का मामला

Case of Dowry and Blackmail

Case of Dowry and Blackmail

लखनऊ। कोर्ट मैरिज के बाद दहेज मांगने और अश्लील फोटो-वीडियो वायरल कर ब्लैकमेल करने का मामला सामने आया है। सआदतगंज क्षेत्र में पीड़िता ने आरोप लगाया है कि कथित पति ने पहले कोर्ट मैरिज की। इसके बाद दस लाख रुपये की मांग करते हुए शादी से मुकर गया और विरोध करने पर उसकी आपत्तिजनक तस्वीरें व वीडियो रिश्तेदारों में भेज दिए। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पीड़िता के अनुसार, कानपुर निवासी युवक से उसकी मुलाकात 19 अप्रैल 2025 को मैट्रिमोनियल ऐप के जरिए हुई थी। बातचीत के दौरान दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं। आरोपित ने खुद को फैक्ट्री में अधिकारी बताते हुए जल्द शादी का दबाव बनाया। इसके बाद 16 अप्रैल 2025 को अलीगंज स्थित आर्य समाज मंदिर में विवाह कराया गया और 19 अप्रैल को रजिस्ट्रार आफिस में पंजीकरण भी कराया गया।
आरोप है कि शादी के बाद आरोपित उसे कानपुर में अपने घर ले गया। वहां परिवार से मिलवाया और कुछ दिन साथ रखा। इस दौरान उसने भरोसा जीतकर शारीरिक संबंध बनाए। इसके बाद में पीड़िता अपने घर लौट आई, लेकिन दोनों के बीच संपर्क बना रहा। दोनों परिवारों की सहमति से 18 अक्टूबर 2025 को सामाजिक रीति-रिवाज से शादी तय हुई।
पीड़िता के परिवार ने लान बुकिंग और कैटरिंग समेत सभी तैयारियां पूरी कर ली थीं, लेकिन शादी से कुछ दिन पहले आरोपित और उसके परिजनों ने शादी से इनकार कर दिया। पीड़िता का आरोप है कि इसके बाद आरोपित और उसके पिता ने दस लाख रुपये नकद दहेज की मांग रखी।
दहेज देने से मना करने पर आरोपित ने कोर्ट मैरिज को भी नकार दिया और धमकी देते हुए उसकी अश्लील फोटो व वीडियो रिश्तेदारों और परिचितों को भेज दिए। आरोपित ने यहां तक कहा कि उसने शादी केवल मौज-मस्ती के लिए की थी। इंस्पेक्टर सआदतगंज के अनुसार, मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और सभी आरोपों की गंभीरता से जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।