तीर्थन घाटी में दिल्ली के पर्यटक परिवार की कार पलटी, सड़क धंसने से हुआ हादसा

तीर्थन घाटी में दिल्ली के पर्यटक परिवार की कार पलटी, सड़क धंसने से हुआ हादसा

Kullu-Car-Accident-Video-1773662204751_v

Car Carrying Delhi Tourist Family Overturns in Tirthan Valley

  1. दिल्ली के पर्यटक परिवार की कार तीर्थन घाटी में पलटी।

  2. सड़क धंसने के कारण हुआ यह दर्दनाक हादसा।

  3. घायल सदस्यों को बंजार अस्पताल में भर्ती कराया गया।

कुल्लू। Car Carrying Delhi Tourist Family Overturns in Tirthan Valley, हिमाचल प्रदेश जिला कुल्लू में एक दर्दनाक हादसे का लाइव वीडियो सामने आया है। कुल्लू की तीर्थन घाटी में रविवार शाम दिल्ली से घूमने आए पर्यटक परिवार की कार पलट गई।  कार सीधे पहाड़ी से नीचे दूसरी सड़क पर पहुंच गई। हादसे में परिवार के कई सदस्य घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बंजार में भर्ती करवाया गया।

पुलिस के अनुसार 47 वर्षीय जयदीप राणा पुत्र आनंद सिंह राणा निवासी शालीमार बाग, दिल्ली अपने परिवार के साथ पर्यटन के लिए तीर्थन घाटी पहुंचे थे। उनके साथ पत्नी कुसुम राणा, बेटी कविका राणा, बेटा दिव्यांश और भांजा आदित्य भी मौजूद थे। 

परिवार 14 मार्च को दिल्ली से अपनी कार में तीर्थन घाटी पहुंचा और रात को एक होटल में ठहरा था। अगले दिन 15 मार्च को परिवार जलोड़ी दर्रा और जिभी घूमने के लिए निकला। दिन भर घूमने के बाद शाम करीब पांच बजे वे जिभी गेस्ट हाउस की ओर जा रहे थे। 

सड़क धंसने से पलटते हुए एनएच पर जा गिरी कार

इसी दौरान औट-लुहरी-सैंज राष्ट्रीय राजमार्ग-305 से करीब 600 मीटर दूर एक मोड़ पर सामने से आ रही गाड़ी को पास देने के लिए चालक ने अपनी कार को बाईं ओर मोड़ा। बताया जा रहा है कि पूरे दिन हुई बारिश के कारण सड़क का हिस्सा अचानक धंस गया, जिससे कार अनियंत्रित होकर पलटती हुई नीचे एनएच-305 पर जा गिरी। 

परिवार के सदस्यों को आई गंभीर चोटें

हादसे में परिवार के सभी सदस्यों को चोटें आईं और कार को भी भारी नुकसान हुआ। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए बंजार अस्पताल पहुंचाया गया।

घायल ने पुलिस को दिया बयान

चिकित्सकों ने कुसुम राणा को बयान देने के लिए अयोग्य बताया, जबकि चालक जयदीप राणा का बयान दर्ज किया गया। जयदीप राणा ने पुलिस को दिए बयान में कहा कि हादसा सड़क धंसने के कारण हुआ और इसमें किसी अन्य चालक की गलती या लापरवाही नहीं है। 

पुलिस ने तेज की जांच

पुलिस ने मामले की तस्दीक कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले की पुष्टि पुलिस अधीक्षक कुल्लू मदन लाल कौशल ने की है।