Can Food Poisoning Turn

क्या फूड पॉइजनिंग बन सकती है जानलेवा? प्रतीक यादव की मौत के बाद चर्चा तेज

pp

Can Food Poisoning Turn

Prateek Yadav के आकस्मिक निधन के बाद शनिवार को उनकी अस्थियों का हरिद्वार में गंगा घाट पर पूरे धार्मिक रीति-रिवाजों के साथ विसर्जन किया गया। इस दौरान उनकी पत्नी Aparna Yadav, पुत्रियां प्रथमा और पद्मजा, अपर्णा यादव के पिता अरविंद सिंह बिष्ट और भाई अमन सिंह बिष्ट मौजूद रहे। हरिद्वार के वीआईपी घाट पर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच तीर्थ पुरोहित पंडित शैलेश मोहन पांडेय ने पूजन और पिंडदान की प्रक्रिया संपन्न कराई।

बताया जा रहा है कि 38 वर्षीय प्रतीक यादव का 13 मई को लखनऊ में अचानक निधन हो गया था। फिटनेस और हेल्दी लाइफस्टाइल को लेकर चर्चाओं में रहने वाले प्रतीक की मौत को लेकर ‘सस्पेक्टेड फूड पॉइजनिंग’ की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, आधिकारिक रूप से मौत के कारण की पुष्टि नहीं हुई है।

इस घटना के बाद फूड पॉइजनिंग को लेकर लोगों में चिंता बढ़ गई है। विशेषज्ञों के अनुसार फूड पॉइजनिंग दूषित भोजन या संक्रमित पानी के सेवन से होती है। इसमें बैक्टीरिया, वायरस या उनके टॉक्सिन शरीर में संक्रमण पैदा कर देते हैं। बासी भोजन, अधपका मांस, खराब डेयरी उत्पाद और लंबे समय तक खुले में रखा खाना इसके प्रमुख कारण माने जाते हैं।

फूड पॉइजनिंग के सामान्य लक्षणों में उल्टी, दस्त, पेट दर्द, कमजोरी, बुखार और चक्कर शामिल हैं। हालांकि अधिकतर मामलों में मरीज कुछ दिनों में ठीक हो जाता है, लेकिन गंभीर संक्रमण होने पर यह जानलेवा भी साबित हो सकता है। लगातार उल्टी और दस्त की वजह से शरीर में पानी और जरूरी मिनरल्स की भारी कमी हो जाती है, जिससे डिहाइड्रेशन, किडनी फेलियर और अन्य गंभीर जटिलताएं पैदा हो सकती हैं।

विशेषज्ञों का कहना है कि छोटे बच्चों, बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं और कमजोर इम्यूनिटी वाले लोगों को फूड पॉइजनिंग का खतरा अधिक रहता है। ऐसे में खाने-पीने की साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखना बेहद जरूरी है। ताजा और अच्छी तरह पका भोजन, साफ पानी और सही तरीके से भोजन का भंडारण इस तरह के संक्रमण से बचाव में मदद कर सकता है।