भोगांव में बस और गैस टैंकर की आमने-सामने भिड़ंत, 10 घायल
Bus and gas tanker collide head-on in Bhogao
भोगांव (मैनपुरी)। बेवर रोड पर सरस्वती ढाबा के सामने बुधवार शाम बस और गैस टैंकर की आमने-समने भिड़ंत हो गई। टक्कर लगते ही बस में बैठी सवारियों में चीख-पुकार मच गई। हादसे में दोनों वाहनों के चालक सहित 10 लोग घायल हो गए।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया है। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर आवागमन सुचारू कराया है। जयपुर डिपो की बस फर्रुखाबाद से सवारियां लेकर जयपुर जा रही थी।
बुधवार शाम चार बजे जब बस कस्बा भोगांव के बस स्टैंड के निकट जीटी रोड पर सरस्वती ढाबा के सामने पहुंची। तभी स्टेयरिंग फेल होने से बस अनियंत्रित हो गई। चालक ने नियंत्रण करने का प्रयास किया लेकिन तब तक बस सामने से आ रहे गैस टैंकर से टकरा गई।
टक्कर लगते ही बस में बैठी सवारियों में चीख-पुकार मच गई। हादसे के बाद वहां लोगों की भीड़ जमा हो गई।
हादसे में बस चालक रामदयाल निवासी कावसनी जयपुर, परिचालक राजकुमार, यात्री खुशबू निवासी गांव पुरैया बेवर, टैंकर चालक अमर सिंह निवासी एकलहन थाना डीग भरतपुर राजस्थान सहित 10 लोग घायल हो गए।
भोगांव इंस्पेक्टर प्रदीप पांडेय पुलिसबल के साथ मौके पर पहुंचे। जहां पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया। हादसे के बाद वहां एक घंटे तक जाम की स्थिति बनी रही।
पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर आवागमन सुचारू कराया है। वहीं बस चालक रामदयाल ने बताया कि उसने डिपो के अधिकारियों को कई बार स्टेयरिंग खराब होने की जानकारी दी थी, लेकिन किसी ने कोई ध्यान नहीं दिया। इसी वजह से हादसा हो गया।
भोगांव इंस्पेक्टर ने बताया कि घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अन्य सवारियों को दूसरे वाहन में बैठाकर उनके गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया है।