ग्रेटर फरीदाबाद में अवैध निर्माण पर चला बुलडोजर, 2 बैंक्विट हॉल समेत चार ढांचे ध्वस्त
- By Gaurav --
- Tuesday, 17 Feb, 2026
Bulldozers run on illegal construction in Greater Faridabad, four structures including two
फरीदाबाद के ग्रेटर फरीदाबाद क्षेत्र में आज जिला टाउन प्लानर विभाग ने बड़ी तोड़फोड़ कार्रवाई को अंजाम दिया। कार्रवाई सेक्टर-79 स्थित वर्ल्ड स्ट्रीट के पास की गई, जहां कृषि भूमि पर अवैध रूप से व्यावसायिक निर्माण किए जा रहे थे।
जिला टाउन प्लानर विभाग फरीदाबाद की टीम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और दो अवैध बैंक्विट हॉल, एक गेम जोन और एक ढाबे को ध्वस्त कर दिया। विभाग का कहना है कि संबंधित स्थल पर बिना अनुमति कमर्शियल गतिविधियां संचालित की जा रही थीं, जो भूमि उपयोग नियमों का उल्लंघन है।
डीटीपी अधिकारी यजन चौधरी ने बताया कि विभाग को इस स्थान पर अवैध निर्माण की शिकायत प्राप्त हुई थी। जांच के दौरान पाया गया कि कृषि भूमि पर बिना किसी वैध स्वीकृति के व्यावसायिक ढांचे खड़े किए गए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि लगभग एक महीने पहले ही संबंधित पक्षों को नोटिस जारी कर दिए गए थे और स्वेच्छा से निर्माण हटाने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन निर्देशों की अनदेखी की गई।
अधिकारी के अनुसार अंतिम नोटिस देने के बाद ही आज यह कार्रवाई की गई। कुछ लोगों द्वारा नोटिस न मिलने का दावा निराधार बताया गया है। विभाग का कहना है कि सभी को नियमानुसार नोटिस दिए गए थे और अवैध निर्माणों पर स्पष्ट निशान भी लगाए गए थे, ताकि किसी प्रकार की भ्रम की स्थिति न रहे।
यजन चौधरी ने कहा कि संबंधित भूमि का उपयोग केवल कृषि कार्यों के लिए निर्धारित है। इस पर व्यावसायिक गतिविधियां चलाना नियमों के विरुद्ध है। विभाग ने चेतावनी दी है कि भविष्य में यदि दोबारा अवैध निर्माण किया गया तो संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
कार्रवाई के दौरान क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात रहा, जिससे किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो। प्रशासन ने स्पष्ट संकेत दिया है कि भूमि उपयोग नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।