भाई-भाई ना रहा!… खूब दिखा एग्रेसन जब आमने-सामने हुए हार्दिक और क्रुणाल, LIVE मैच में दिखाई आंख
Pandya Brothers No Handshake
Pandya Brothers No Handshake: IPL 2026 के एक हाई-स्कोरिंग मैच में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने मुंबई इंडियंस को 18 रनों से हरा दिया. 12 अप्रैल (रविवार) को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए, RCB ने 4 विकेट के नुकसान पर 240 रन बनाए. जवाब में, मुंबई इंडियंस 5 विकेट के नुकसान पर केवल 222 रन ही बना सकी.
ये मैच जहां आरसीबी के लिए शानदार रहा और वो पॉइंट्स टेबल में 6 अंको के साथ तीसरे स्थान पर पहुंच गए. तो वहीं इस मैच ने दो सगे भाइयों के बीच दूरी को और ज्यादा हवा दे दी. दरअसल हार्दिक पांड्या और क्रुणाल पांड्या को इस मैच में एक दूसरे से मुलाकात करते हुए नहीं देखा गया.
पांड्या ब्रदर्स के बीच सबकुछ ठीक नहीं
मैच के दौरान जब दोनों भाई आमने सामने आए तो क्रुणाल ने अपने छोटे भाई का स्वागत एक बाउंसर से किया. जिस पर हार्दिक ने भी बिना कुछ कहे जवाब दिया और सिर्फ एक तीखी नजर डाली. दोनों भाई, जो आमतौर पर मैदान पर हंसते-मजाक करते नजर आते हैं, इस बार पूरी तरह से गंभीर दिखे.
मैच का सबसे बड़ा पल तब आया जब जैकब डफी ने हार्दिक पांड्या का विकेट लिया. तो क्रुणाल पांड्या ने बहुत ही आक्रामक तरीके से विकेट का जश्न मनाया. जिसने फैंस को हैरान कर दिया. यह वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहा है.
दोनों भाइयों के बीच यह घटना यहीं तक नहीं रुकी. मैच के बाद, हार्दिक पांड्या और क्रुणाल पांड्या न तो एक-दूसरे से मिलते दिखे और न ही हाथ मिलाते हुए. यह दृश्य चर्चा का एक बड़ा विषय बन गया है. क्योंकि इससे पहले, मैदान पर अक्सर दोनों के बीच करीबी रिश्ते की झलकियां देखने को मिलती थीं.
दरअसल, यह बहस पहले ही शुरू हो चुकी थी कि दोनों भाइयों के बीच सबकुछ ठीक नहीं चल रहा है. हाल ही में समाप्त हुए T20 विश्व कप में हार्दिक पांड्या के शानदार प्रदर्शन के बाद, जहां हर किसी ने उनकी तारीफ की थी, वहीं क्रुणाल पांड्या की तरफ से कोई खास प्रतिक्रिया नहीं आई थी. इसके अलावा, सोशल मीडिया पर भी ऐसे संकेत मिले थे कि दोनों भाइयों के बीच दूरियां बढ़ गई है, जैसे कि एक-दूसरे को जन्मदिन की बधाई न देना और अपनी निजी जिंदगी से जुड़े अलग-अलग कार्यक्रमों में अलग-अलग नजर आना.
हालांकि इस मामले पर दोनों भाइयों की तरफ से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है, लेकिन मैदान पर दिखी 'बेरुखी' अब फैंस के बीच चर्चा का एक बड़ा विषय बन गई है.