Bomb threat to Ambala court causes panic via email, security agencies on alert

अंबाला कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी, ई-मेल से मचा हड़कंप, सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट

agencies

Bomb threat to Ambala court causes panic via email, security agencies on alert

अंबाला कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिलने का मामला सामने आया है। यह धमकी ई-मेल के जरिए दी गई, जिसके बाद कोर्ट परिसर में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन हरकत में आ गया। बम निरोधक दस्ता मौके पर पहुंचकर जांच में जुटा हुआ है।

कोर्ट परिसर की सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। मेटल डिटेक्टर से आने-जाने वाले प्रत्येक व्यक्ति की सघन जांच की जा रही है। बिना वैध पहचान पत्र (ID कार्ड) के कोर्ट परिसर में प्रवेश पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है। पुलिस ने पूरे इलाके को सील कर एहतियातन कदम उठाए हैं।

गौरतलब है कि कुछ दिन पहले अंबाला में करीब डेढ़ दर्जन सरकारी व निजी स्कूलों को भी बम से उड़ाने की धमकी भरे ई-मेल मिले थे। शुरुआत में तीन स्कूलों को धमकी मिली थी, लेकिन कुछ ही मिनटों में धमकी की संख्या बढ़ गई थी। इसके बाद पुलिस ने बड़े स्तर पर सर्च ऑपरेशन चलाया था।

उस दौरान बम स्क्वायड की टीम ने करनाल तक के स्कूलों की भी तलाशी ली थी। एहतियातन स्कूलों में छुट्टी कर दी गई थी, जिससे अभिभावकों में चिंता का माहौल बन गया था। धमकी भरे ई-मेल में स्कूलों को बम से उड़ाने, मुख्यमंत्री के गणतंत्र दिवस कार्यक्रम में बच्चों को न भेजने और ट्रेन को बम से उड़ाने तक का जिक्र किया गया था।

फिलहाल पुलिस ई-मेल की जांच में जुटी है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि धमकी के पीछे कौन है। सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट मोड पर हैं।