शिमला में बम धमकी से हड़कंप, रोहड़ू प्रशासन अलर्ट
Bomb threat in Shimla, Rohru administration on alert
शिमला। हिमाचल प्रदेश के शिमला में स्कूलों के बाद अब रोहड़ू के एसडीएम दफ्तर और अदालत को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। बुधवार सुबह शिमला की भराड़ी सड़क पर धमकी भरे पोस्टर लगे मिले। वहीं रोहड़ू में भी धमकी के बाद हड़कंप मच गया है। भराड़ी सड़क पर लगे पोस्टरों में रोहड़ू एसडीएम कार्यालय और अदालत को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है। पोस्टर में लिखा है कि "धमाके की गूंज दिल्ली तक सुनाई देगी"।
पोस्टर में क्या लिखा है
पोस्टर में उर्दू के शब्द हिंदी में लिखे हैं। तकरीर, इतलाहे मुबारक का वक्त आ गया है। आतिशबाजी से जश्ने इबारत तामिल होगी। इंशा अल्लाह बुधवार को रोहड़ू की अदालत और एसडीएम आफिस में धमाके की गूंज दिल्ली तक सुनाई देगी। अंत में लिखा है अल्लाह का एक नेक मुजाहिर।
सुरक्षा एजेंसियां सतर्क, चलाया तलाशी अभियान
धमकी मिलते ही पुलिस प्रशासन अलर्ट हो गया। एसडीएम दफ्तर और कोर्ट परिसर को तुरंत खाली करवा दिया गया। बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वायड मौके पर पहुंच गए। पूरे परिसर में गहन तलाशी अभियान चलाया गया। शिमला पुलिस ने भराड़ी में मिले पोस्टरों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
रोहड़ू में भी सुरक्षा बढ़ा दी गई है। साइबर सेल और खुफिया एजेंसियां धमकी देने वालों का पता लगाने में जुटी हैं। अभी तक कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है।
क्या कहते हैं एसएसपी शिमला
एसएसपी शिमला गौरव सिंह का कहना है कि सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन द्वारा तत्काल एहतियाती कदम उठाए गए। रोहड़ू में अदालत परिसर एवं एसडीएम कार्यालय को सुरक्षा के दृष्टिगत खाली करवा लिया गया है। सभी वाहनों को परिसर से हटा दिया गया है तथा मौके पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात है। बम निरोधक दस्ता को भी मौके पर बुलाया गया है। तलाशी में किसी भी प्रकार की संदिग्ध वस्तु की पुष्टि नहीं हुई है, तथापि जांच जारी है।
पुलिस ने मामला किया दर्ज
इस संबंध में थाना सदर में मामला दर्ज कर विधि अनुसार कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। मामले की जांच जारी है।
पुलिस की लोगों से अपील
एसएसपी ने कहा कि जिला शिमला पुलिस आमजन से अपील करती है कि वे घबराएं नहीं, शांति बनाए रखें तथा किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें। पुलिस द्वारा स्थिति पर पूर्ण रूप से नियंत्रण रखा जा रहा है।