जालंधर में बम की धमकी: एपीजे स्कूल खाली कराया गया, भारी सुरक्षा बल तैनात
Bomb threat in Jalandhar: Apeejay School evacuated
जालंधर। पंजाब के जालंधर में एक बार फिर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बड़ा अलर्ट जारी हो गया। गुरुवार सुबह महावीर मार्ग स्थित एपीजे स्कूल को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। इतना ही नहीं, ये धमकी बीते दिनों बीएसएफ हेडक्वार्टर के बाहर धमाके व आज सीएम भगवंत मान के जालंधर दौरे के बीच आई है।
सूचना मिलते ही पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां तुरंत मौके पर पहुंच गईं। एहतियात के तौर पर स्कूल को खाली करवाकर बच्चों की छुट्टी कर दी गई। स्कूल प्रबंधन की तरफ से बच्चों के अभिभावकों को संदेश और फोन कॉल करके तुरंत स्कूल पहुंचने के लिए कहा गया। अचानक आए संदेश के बाद अभिभावकों में घबराहट फैल गई। कई लोग अपना काम छोड़कर तुरंत स्कूल पहुंचे। स्कूल के बाहर कुछ ही देर में भारी भीड़ जमा हो गई।
बच्चों को घर लेजाने का आया संदेश
अभिभावकों ने बताया कि उन्हें केवल इतना कहा गया कि सुरक्षा कारणों की वजह से बच्चों को तुरंत घर ले जाएं। किसी को धमकी के बारे में विस्तार से जानकारी नहीं दी गई थी। हालांकि बीएसएफ चौक पर दो दिन पहले हुए धमाके के बाद लोग पहले से ही डरे हुए हैं। ऐसे माहौल में स्कूल को मिली धमकी ने लोगों की चिंता और बढ़ा दी।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि स्कूल को एहतियातन खाली करवाया गया है और पूरे परिसर की गहन जांच की जा रही है। सुरक्षा एजेंसियों की टीमें स्कूल के भीतर और आसपास जांच में जुटी हुई हैं। किसी भी तरह की लापरवाही न हो, इसके लिए इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
पुलिस ने जांच की शुरू
जानकारी के अनुसार धमकी भरा संदेश मिलने के बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई शुरू कर दी। स्कूल के आसपास आने-जाने वाले लोगों पर नजर रखी जा रही है। वहीं अभिभावकों से भी शांति बनाए रखने की अपील की गई है।
इस पूरे घटनाक्रम की टाइमिंग को मुख्यमंत्री भगवंत मान की जालंधर यात्रा से भी जोड़कर देखा जा रहा है। मुख्यमंत्री गुरुवार को अपनी शुक्राना यात्रा के तहत जालंधर पहुंचे हुए हैं। उनके कार्यक्रम को लेकर पहले ही शहर में कड़े सुरक्षा प्रबंध किए गए थे। इसी बीच स्कूल को धमकी मिलने के बाद पुलिस और प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है।
बीएसएफ मुख्यालय और सेना कैंप के पास हाल ही में हुए धमाके के बाद शहर में पहले से सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर थीं। अब स्कूल को मिली धमकी ने लोगों की चिंता और बढ़ा दी है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और धमकी भेजने वाले की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।