बॉलीवुड डायरेक्टर रोहित शेट्टी के घर पर फायरिंग का केस; राजस्थान से शूटर गिरफ्तार, मकोका एक्ट लगाया, लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े तार
Bollywood Rohit Shetty House Firing Shooter Arrested From Rajasthan
Rohit Shetty Firing Case: मशहूर बॉलीवुड फिल्म डायरेक्टर रोहित शेट्टी के घर पर गोलीबारी के मामले में मुंबई क्राइम ब्रांच लगातार एक्शन में है। इस मामले में अब पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। रिपोर्ट्स के अनुसार, मुंबई पुलिस ने रोहित शेट्टी के मुंबई स्थित घर पर फायरिंग करने वाले शूटर को गिरफ्तार कर लिया है। मुंबई क्राइम ब्रांच की टीम ने आरोपी को राजस्थान से गिरफ्तार किया है और अब उसे मुंबई लाया जा रहा है। ऐसा माना जा रहा है कि पुलिस आज ही उसे कोर्ट में पेश करेगी और मामले की जांच के लिए रिमांड मांगेगी।
बता दें कि रोहित शेट्टी फायरिंग केस में यह कोई पहला आरोपी नहीं है, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार किया है। क्राइम ब्रांच ने इस मामले में अब तक कई संदिग्ध आरोपियों को गिरफ्तार किया है। हाल ही में हरियाणा से चार संदिग्ध आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था। इस मामले में एसटीएफ यूनिट बहादुरगढ़ और मुंबई पुलिस ने जॉइंट ऑपरेशन चलाकर चारों आरोपियों की गिरफ्तारी की थी। रोहित शेट्टी के घर पर हुई फायरिंग मामले में जांच कर रही मुंबई पुलिस के हाथ वारदात का CCTV फुटेज भी लगा है। जिसके आधार पर जांच और आगे की कार्रवाई की जा रही है। आपको यह बता दें कि मुंबई पुलिस ने इस मामले में 'मकोका एक्ट' लगाया है।
यानि रोहित शेट्टी फायरिंग केस में आरोपियों के खिलाफ महाराष्ट्र संगठित अपराध नियंत्रण अधिनियम (मकोका) के कठोर कानून के तहत भी कार्रवाई की जा रही है। हाल ही में मुंबई क्राइम ब्रांच ने आरोपियों से पूछताछ करने के साथ पुणे से मुंबई तक फायरिंग मामले के सीन को रीक्रिएट भी किया था। इस रीक्रिएशन की पूरी वीडियोग्राफी की गई, जो कोर्ट में पेश की जाएगी। इस मामले को लेकर मुंबई पुलिस का कहना है कि फिल्म निर्माता रोहित शेट्टी के घर गोलीबारी में शामिल आरोपियों का मकसद शहर में दहशत फैलाना है। ये अपराधी लोगों को डराना चाहते हैं ताकि उनसे उगाही कर सकें।
लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े तार
रोहित शेट्टी फायरिंग केस के तार कुख्यात लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ रहे हैं। बताया जा रहा है कि लॉरेंस बिश्नोई गैंग के इशारे पर फिल्म निर्माता के घर पर फायरिंग की गई। इसके पीछे एक्सटॉर्शन वजह हो सकती है। दरअसल इस मामले में मुख्य रूप से शुभम लोनकर का नाम सामने आ रहा है। जो कि लॉरेंस बिश्नोई गिरोह का एक सदस्य है। उसने कथित तौर पर शेट्टी के मकान पर गोलीबारी की जिम्मेदारी भी ली थी। वहीं पूछताछ के दौरान आरोपियों ने भी आरोपी शुभम लोंकर से पैसों के लेन-देन की बात कही है। ज्ञात रहे कि लोनकर बॉलीवुड एक्टर सलमान खान के बांद्रा स्थित आवास पर गोलीबारी और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) नेता बाबा सिद्दीकी की हत्या के मामले में भी वांछित है।

स्कूटी सवार शूटर ने की थी फायरिंग
बॉलीवुड फिल्म डायरेक्टर रोहित शेट्टी के मुंबई के जुहू स्थित घर पर गोलीबारी की घटना 31 जनवरी-1 फरवरी की मध्यरात्रि को की गई। रोहित शेट्टी के आवास 'शेट्टी टावर्स' की पहली मंजिल पर शूटर ने कम से कम पांच बार गोलियां चलाईं। शूटर अपने एक साथी के साथ आया था। घटना के बाद भागते हुए आरोपी शूटर का नया CCTV फुटेज सामने आया है, वीडियो में दिख रहा है कि फायरिंग के तुरंत बाद शूटर तेजी से वहां से निकल जाता है। फिलहाल वारदात के बाद रोहित शेट्टी की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। उनके आवास के बाहर भी सुरक्षा कड़ी की गई है। बता दें कि रोहित शेट्टी के साथ-साथ एक्टर रणवीर सिंह को भी धमकी मिली है।