राजपाल यादव तिहाड़ जेल में सरेंडर करते ही टूटे; कहा- क्या करूं मेरे पास पैसे नहीं हैं, कोई रास्ता भी नहीं, सोनू सूद ने मदद का हाथ बढ़ाया
Bollywood Actor Rajpal Yadav In Tihar Jail Financial Condition Update
Rajpal Yadav Tihar Jail: मशहूर बॉलीवुड एक्टर राजपाल यादव की आर्थिक स्थिति इस समय ठीक नहीं है, साथ ही वह कानूनी पचड़े में फंस गए हैं और कार्रवाई का सामना कर रहे हैं। राजपाल यादव ने हाल ही में चेक बाउंस के पुराने मामले में दिल्ली हाईकोर्ट के आदेश के बाद तिहाड़ जेल में सरेंडर कर दिया है. वहीं तिहाड़ जेल जाने से पहले राजपाल यादव ने अपनी आर्थिक स्थिति और फिल्म इंडस्ट्री को लेकर कुछ ऐसा है, जो अब सबको चौंका रहा है। अपनी आर्थिक स्थिति को लेकर राजपाल यादव का कहना है कि वो पैसे की भरपाई नहीं कर पाएंगे। वहीं उन्होंने इंडस्ट्री के लोगों की ओर इशारा करते हुए कहा कि कोई ऐसा भी दोस्त नहीं है जो मेरी मदद करें।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, जेल में सरेंडर करते समय राजपाल यादव काफी भावुक और परेशान लग रहे थे। एक मायूसी के साथ उन्होंने तिहाड़ जेल अधिकारियों के सामने सरेंडर किया। इस बीच ही राजपाल यादव ने अपने बयान में कहा था कि ''सर क्या करूं? मेरे पास इतने पैसे नहीं हैं और मेरे सामने और कोई रास्ता नहीं है. राजपाल यादव ने खुद को इंडस्ट्री में अकेला भी बताया और कहा कि कोई किसी का दोस्त नहीं होता। इस मुश्किल दौर से मुझे खुद ही निकलना होगा।''
एक्टर सोनू सूद राजपाल यादव की मदद को आगे आए
राजपाल यादव की मौजूदा स्थिति को देख दरियादिल बॉलीवुड एक्टर सोनू सूद मदद को आगे आए हैं और एक साथी के तौर पर उन्होंने मदद को हाथ आगे बढ़ाया है। सोनू सूद ने यह भी कहा कि इंडस्ट्री के और लोगों को भी राजपाल यादव के साथ आज खड़े होने की जरूरत है। बॉलीवुड एक्टर सोनू सूद ने राजपाल यादव के लिए सोशल मीडिया पोस्ट किया है और कहा, ''राजपाल यादव एक टैलेंटेड एक्टर हैं जिन्होंने हमारी इंडस्ट्री को सालों तक यादगार काम दिया है। कभी-कभी ज़िंदगी मुश्किल हो जाती है, टैलेंट की वजह से नहीं, बल्कि इसलिए कि टाइमिंग बहुत खराब हो सकती है।''
सोनू सूद ने आगे कहा, ''वह मेरी फिल्म का हिस्सा होंगे, और मेरा मानना है कि यह हम सभी के लिए...प्रोड्यूसर, डायरेक्टर, साथ काम करने वालों के लिए एक साथ खड़े होने का पल है। एक छोटा सा साइनिंग अमाउंट, जिसे भविष्य के काम के हिसाब से एडजस्ट किया जा सकता है, यह चैरिटी नहीं, बल्कि इज्ज़त है। जब हमारा कोई अपना मुश्किल दौर से गुज़र रहा हो, तो इंडस्ट्री को उसे याद दिलाना चाहिए कि वह अकेला नहीं है। इस तरह हम दिखाते हैं कि हम सिर्फ़ एक इंडस्ट्री से कहीं ज़्यादा हैं।''

दिल्ली हाईकोर्ट ने नहीं दी थी राहत
गौरतलब है कि दिल्ली हाईकोर्ट ने हाल ही में चेक बाउंस मामले में एक्टर राजपाल यादव को बड़ा झटका देते हुए उन्हें राहत नहीं दी थी और मोहलत देने की अर्जी खारिज कर दी थी। हाईकोर्ट ने चेक बाउंस केस में राजपाल यादव की सजा के सिलसिले में समय सीमा बढ़ाने से इनकार कर दिया था। साथ ही उन्हें तिहाड़ जेल में सरेंडर का आदेश दिया था। बताया जाता है कि राजपाल यादव ने एक कंपनी से लगभग पांच करोड़ रुपये उधार लिए थे। कंपनी का कहना है कि राजपाल यादव ने पैसे लौटाने के लिए कई चेक दिए, लेकिन वे सब बाउंस हो गए। राजपाल यादव को चेक बाउंस मामले में 2024 में दोषी ठहराया गया था और सजा सुनाई गई थी.