बबेरू में खूनी संघर्ष: नशे की हालत में विवाद के बाद दोस्त ने की आभूषण कारीगर की हत्या

बबेरू में खूनी संघर्ष: नशे की हालत में विवाद के बाद दोस्त ने की आभूषण कारीगर की हत्या

Bloody clash in Baberu

Bloody clash in Baberu

बबेरू (बांदा)। साथ बैठकर बियर पी रहे पड़ोसी दोस्त ने आभूषण कारीगर की तमंचे से सीने में गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद हत्यारोपित दोस्त फरार हो गया। स्वजन के पहुंचने के पहले पुलिस के शव अस्पताल से रानी दुर्गावती मेडिकल कालेज भिजवाने से व्यापारी आक्रोशित हो गए।

आधा सैकड़ा से ज्यादा व्यापारियों व स्वजन ने कस्बे के मुख्य चौराहे में जाम लगा दिया। सुरक्षा के लिहाज से कई थानों की पुलिस तैनात कर दी गई। पुलिस जाम लगाए लोगों को समझाने का प्रयास कर रही है। हालांकि वह शव वापस कस्बे लाने की जिद में अड़े हैं। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य संकलित किए। जहां उन्हें बियर की शीशी के साथ चाकू आदि मौके से बरामद हुआ है। एसपी पलाश बंसल ने एसओजी समेत पांच टीमों को हत्यारोपितों को पकड़ने के लिए लगाया गया है। पुलिस हत्यारोपित को पकड़ने के लिए दबिश दे रही है।

बबेरू कोतवाली के दूल थोक सराफा बाजार मुहल्ला निवासी 42 वर्षीय आभूषण कारीगर तेज प्रकाश को रात करीब साढ़े आठ बजे मुहल्ले के दोस्त असलम खां ने फोन कर कन्या पूर्व माध्यमिक विद्यालय के पास बुलाया। इससे आभूषण कारीगर बाइक से उसके पास पहुंचा।

पुलिस के मुताबिक वहां के लोगों ने बताया कि दोनों साथ में बैठकर बियर पीते रहे हैं। इसके बाद उनके बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ। इसमें असलम ने तमंचे से उसके दाहिनी ओर सीने में गोली मार दी। गोली लगते ही आभूषण कारीगर जमीन में गिर गया। जहां उसकी मौत हो गई। मुहल्लेवासियों की सूचना पर पुलिस ने आभूषण कारीगर को उठाकर सीएचसी बबेरू पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इससे पुलिस शव को रानी दुर्गावती मेडिकल कालेज ले गई।

दिवंगत हुए कारीगर की मां पुष्पा व पत्नी स्नेहा ने बिलखते हुए बताया कि उनकी हत्यारोपित से कोई दुश्मनी नहीं थी। वह दोपहर में भी उनके घर दो बार आया था। पुलिस के शव हटवाने को लेकर स्वजन ने नाराजगी जताई। स्वजन व व्यापारियों में इस बात को लेकर खासा आक्रोश है। कस्बे के मुख्य चौराहे में जाम लगाए लोगों को समझाने का प्रयास किया जा रहा है। एसपी पलाश बंसल ने बताया कि नशा करते समय विवाद होने से हत्या किया जाना सामने आया है। शीघ्र हत्यारोपित को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।