लखनऊ में भाजपा की बड़ी बैठक: संगठन से लेकर मंत्रिमंडल तक अहम फैसलों की तैयारी

लखनऊ में भाजपा की बड़ी बैठक: संगठन से लेकर मंत्रिमंडल तक अहम फैसलों की तैयारी

BJP's Major Meeting in Lucknow

BJP's Major Meeting in Lucknow

लखनऊ। BJP's Major Meeting in Lucknow: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी की उपस्थिति में शुक्रवार को भाजपा कोर कमेटी की बैठक होगी, जिसमें कई अहम मुद्दों पर चर्चा की जाएगी। माना जा रहा है कि कई विषयों पर रणनीति बनाने के साथ ही मंत्रिमंडल में नए चेहरों को शामिल किए जाने पर भी मंथन किया जाएगा।

इस बैठक के बाद शुक्रवार की शाम से रविवार तक भाजपा प्रदेश मुख्यालय पर जिलों की कार्यसमितियों के गठन पर बैठकें की जाएंगी। अगले साल होने वाले विधान सभा चुनाव से पहले भाजपा कई स्तरों पर होमवर्क कर रही है। जहां संगठन का नट बोल्ट नए सिरे से कसा जा रहा है, वहीं संघ के साथ सभी छह क्षेत्रों में समन्वय बैठकें भी हो चुकी हैं। शुक्रवार को लखनऊ में कोर कमेटी की बैठक में मुख्यमंत्री व प्रदेश अध्यक्ष के साथ प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह व संघ के भी बड़े पदाधिकारी शामिल होंगे।

माना जा रहा है कि मंत्रिमंडल में शामिल किए जाने वाले नए चेहरों पर सहमति भी बनाई जाएगी। इस बैठक के बाद भाजपा प्रदेश मुख्यालय पर प्रदेश अध्यक्ष और प्रदेश महामंत्री (संगठन) पार्टी के चार क्षेत्रों काशी, गोरखपुर, अवध और कानपुर-बुंदेलखंड के लगभग 60 जिलों की कार्यसमितियों के गठन पर बैठकें शुरू करेंगे, जो रविवार तक चलेंगी। प्रत्येक जिले में जिलाध्यक्ष सहित 21 पदाधिकारियों की टीम होगी, जिसमें सात महिलाएं भी शामिल की जाएंगी।

पश्चिम व ब्रज क्षेत्र के जिलों की कार्यसमितियां बना ली गई हैं। इस बैठक में संबंधित क्षेत्रीय अध्यक्ष, जिलाध्यक्ष, जिला प्रभारी और जिला पर्यवेक्षक शामिल होंगे। बताया जाता है कि टीम के सदस्यों का नाम तय हो जाने पर जिलाध्यक्ष जिलों में इसकी घोषणा करेंगे।

भाजपा प्रदेश इकाई ने पिछले दिनों पश्चिम और ब्रज क्षेत्र की जिला कार्यकारिणी घोषित कर दी। अब 20 से 23 मार्च के बीच प्रदेश इकाई सभी जिलों के साथ बैठककर पदाधिकारियों के नामों पर मुहर लगाएगी। मार्च में ही जिलों की टीम बना ली जाएगी।