हरियाणा निकाय चुनाव में भाजपा की प्रचंड जीत: 'हम वोट नहीं, जनता का दिल चुराते हैं' — शहरी निकाय मंत्री विपुल गोयल
BJP wins massive victory in Haryana civic polls
चंडीगढ़। हरियाणा के शहरी निकाय चुनाव में भाजपा की प्रचंड जीत से जहां मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का राजनीतिक प्रभाव बढ़ा है, वहीं उनकी सरकार के कामकाज पर जनता की सहमति की मुहर लगी है। मुख्यमंत्री ने सभी शहरी निकायों में जीत की किलेबंदी करने के लिए अपनी सरकार के मंत्रियों और संगठन के पदाधिकारियों की जिम्मेदारी लगाई हुई थी।
शहरी निकाय मंत्री के नाते विपुल गोयल मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की तरह हर निकाय में उम्मीदवारों का चुनाव प्रचार करने गए। भाजपा इस जीत से बेहद उत्साहित है, जबकि विपक्ष उसकी जीत पर सवाल खड़े कर रहा है। हरियाणा के शहरी निकाय मंत्री विपुल गोयल से भाजपा की जीत और विपक्ष के आरोपों पर बातचीत की गई। पेश है बातचीत के प्रमुख अंश।
सवाल - भाजपा ने हर निकाय के लिए अलग-अलग चुनाव संकल्प पत्र बनाया, लेकिन विपक्ष की नजर में यह छोटा चुनाव था?
जवाब - कोई चुनाव छोटा नहीं होता। जो समस्या पार्षद रख सकता है, उसे विधायक नहीं रख सकता। संकल्प पत्र शहर की छोटी-छोटी जरूरतों को देखकर बनाया गया था। लोगों ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व वाली सरकार पर अपना भरोसा जताया है। अब संकल्प पत्र और जनता की उम्मीदों को पूरा करने की बारी है। निकाय चुनाव को छोटा चुनाव कहने वालों को तो इस चुनाव से सीख लेनी चाहिए।
सवाल - चुनाव से पहले और चुनाव नतीजों के बाद कांग्रेस ने भाजपा पर वोट चोरी के आरोप लगाए?
जवाब - विपक्ष जीत गया तो ईवीएम सही, हार गया तो वोट चोरी का आराेप लगाता है। हम वोट चोरी नहीं करते, दिल चोरी करते हैं। लोग कहते थे कि भाजपा बंगाल में सरकार नहीं बना सकेगी, लेकिन प्रधानमंत्री और गृहमंत्री के सतत प्रयास तथा भाजपा कार्यकर्ताओं की मेहनत से सरकार बन गई।
10 साल पहले तीन विधायक थे, अब 200 से अधिक हैं। राहुल गांधी ईवीएम से वोट चोरी करने का आराेप तो लगाते हैं लेकिन सबूत नहीं दे पाते। कांग्रेसियों को तो अपने नेता राहुल गांधी से विदेशी यात्राओं का सबूत मांगना चाहिए। हमारे पास मोदी जैसा चेहरा है। अमित शाह जैसा रणनीतिकार है। कार्यकर्ताओं का जोश है।
सवाल - आम जनता में यह धारणा बन रही है कि अधिकारी काम नहीं करतेउन्हें कार्यालयों में टरकाते हैं?
जवाब - मुख्यमंत्री जी की नीति स्पष्ट है। ऐसी नीतियां बनाओ, जो ज्यादा से ज्यादा राहत दे। लोगों को मुश्किल में न डाले। उनकी समस्याओं का समाधान हो सके। भ्रष्ट, लापरवाह और काम नहीं करने वाले अधिकारी सरकार के निशाने पर हैं। उन्हें किसी सूरत में न तो पहले बख्शा गया और न ही आगे बख्शा जाएगा।
सवाल - सांपला तथा साेनीपत पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा का गढ़ माना जाता था, वहां भी कमल खिल गया?
जवाब - आज पूरा हरियाणा भाजपा का गढ़ है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का गढ़ है। क्षेत्रवाद अपनाकर कुछ दिन के लिए कुछ लोगों ने भले ही एक इलाके को गढ़ बना लिया हो, लेकिन जनता ने उन्हें समय-समय पर आइना दिखा दिया।
भाजपा सबका साथ, सबका विकास पर विश्वास करती है। जनता ने रेवाड़ी से लेकर सोनीपत से अंबाला तक हर जगह भाजपा को विजय दिलाई है। हमारी सरकार की पूरे हरियाणा के विकास की नीति है। जब रोड बनेगी तो वोट देने वाले भी चलेंगे, नहीं देने वाले भी चलेंगे।
सवाल - शहरी निकाय चुनाव के बीद सफाई कर्मियों की हड़ताल एक बड़ा मुद्दा बनी रही?
जवाब- निकाय चुनाव होने की वजह से थोड़ा विलंब जरूर हुआ, लेकिन जिस दिन मतगणना हुई, उसी दिन बैठककर मामला सुलझा लिया गया। सफाई कर्मियों की सभी जरूरी मांगें मान ली गई हैं। सफाईकर्मी समाज की अहम कड़ी हैं।
सवाल - विपक्ष का आरोप है कि हरियाणा सरकार और उसके मंत्री निकाय चुनाव के बाद अब पंजाब में चले जाएंगे?
जवाब- पंजाब में अगले साल चुनाव होने वाले हैं। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी मेहनत कर रहे हैं। प्रधानमंत्री पंजाब जाएंगे और बंगाल की तरह संगठन मजबूत कर चुनाव मैदान में उतरेंगे। मुख्यमंत्री ने पंजाब के लोगों को अपना बना लिया है।
उन्होंने हरियाणा के लोगों का तो दिल जीत ही लिया पंजाब में भी लोकप्रिय हो चुके हैं। विपक्ष का जुमला तैयार है। वह जब पंजाब में हारेगा तो कहेगा कि ईवीएम से वोट चोरी हो गए।