आचार संहिता उल्लंघन पर सुक्खू सरकार घिरी, चुनाव आयोग जाने की तैयारी में भाजपा
- By Gaurav --
- Saturday, 23 May, 2026
BJP Targets Sukhu
Jairam Thakur ने मंडी में प्रेस वार्ता के दौरान Sukhvinder Singh Sukhu सरकार पर आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन और चुनाव प्रभावित करने के गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि पंचायत और स्थानीय निकाय चुनावों में संभावित हार को देखते हुए कांग्रेस सरकार बौखला गई है और वोटरों को प्रभावित करने के लिए लोकलुभावन घोषणाएं कर रही है।
जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश में 26, 28 और 30 मई को पंचायत चुनावों के विभिन्न चरण होने हैं। ऐसे समय में कैबिनेट बैठक बुलाकर नई घोषणाएं करना सीधे तौर पर आचार संहिता का उल्लंघन है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने कैबिनेट बैठक के बाद मीडिया को आधिकारिक जानकारी देने के साथ-साथ ऑफ द रिकॉर्ड चुनावी घोषणाएं भी साझा कीं। भाजपा ने साफ किया कि वह इस मामले को लेकर राज्य चुनाव आयोग और राज्यपाल के पास जाएगी।
पूर्व मुख्यमंत्री ने महिलाओं को 1500 रुपये प्रतिमाह देने की घोषणा को भी चुनावी शिगूफा बताया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने विधानसभा चुनाव से पहले यह वादा किया था, लेकिन तीन साल तक इसे लागू नहीं किया गया और अब चुनावों के बीच इसका ऐलान किया जा रहा है। इसके अलावा पार्ट-टाइम वर्करों के मानदेय में 500 रुपये की बढ़ोतरी को भी उन्होंने मतदाताओं को लुभाने की कोशिश बताया।
जयराम ठाकुर ने मेडिकल कॉलेजों के प्रोफेसरों की रिटायरमेंट आयु 62 से बढ़ाकर 63 वर्ष करने के फैसले पर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार मौजूदा वित्तीय बोझ से बचने के लिए फैसलों को आगे की सरकार पर डालना चाहती है।
उन्होंने कहा कि एक ओर सरकार गारंटियों का ढोल पीट रही है, वहीं दूसरी ओर जनता पर आर्थिक बोझ बढ़ा रही है। भाजपा ने संकेत दिए हैं कि चुनाव प्रक्रिया के दौरान सरकार की गतिविधियों पर वह लगातार नजर बनाए रखेगी।