पांवटा साहिब नगर परिषद पर 5वीं बार भाजपा का कब्जा तय: निर्दलीयों ने कांग्रेस को दिया झटका; निर्मल कौर अध्यक्ष व इंद्रजीत सिंह बनेंगे उपाध्यक्ष
BJP Set to Capture Paonta Sahib Municipal Council
नाहन। BJP Set to Capture Paonta Sahib Municipal Council, हिमाचल प्रदेश निकाय चुनाव के नगर परिषद व नगर पंचायत के नतीजों के बाद अब अध्यक्ष उपाध्यक्ष की कुर्सी के लिए जोड़तोड़ चल रहा है। जिला सिरमौर में गुरु की नगरी से विश्व विख्यात पांवटा साहिब शहर में बुधवार को बड़ा घटनाक्रम देखने को मिला। जब निर्दलीयों ने कांग्रेस को झटका देकर भारतीय जनता पार्टी को समर्थन का एलान किया।
ऐसे में भारतीय जनता पार्टी पांवटा साहिब नगर परिषद पर पांचवीं बार कब्जा करेगी। भारतीय जनता पार्टी पांवटा साहिब मंडल के अध्यक्ष हितेंद्र कुमार ने भाजपा तथा निर्दलीय जीत कर आए नगर परिषद प्रत्याशियों के साथ पत्रकार वार्ता की।
क्या है समीकरण
भाजपा व कांग्रेस ने चार-चार सीटें जीती है। इसके अलावा पांच निर्दलीय जीते हैं, इनमें से चार ने भाजपा को समर्थन दे दिया है। ऐसे में भाजपा के पास 8 सीटें हो गई हैं।
ये बनेंगे अध्यक्ष व उपाध्यक्ष
बता दें कि नाहन की तरह पांवटा साहिब में भी नगर परिषद अध्यक्ष पद महिला के लिए आरक्षित है। जिसके चलते भारतीय जनता पार्टी ने एक बार फिर पूर्व में अध्यक्ष रही निर्मल कौर को भाजपा की ओर से अध्यक्ष पद का दायित्व सौंपने का निर्णय लिया है। वहीं, उपाध्यक्ष पद भाजपा को समर्थन देने वाले वार्ड नंबर 9 से निर्दलीय जीतकर आए सदस्य इंद्रजीत सिंह मिक्का को बनाया जाएगा।
निर्दलीयों ने दिया भाजपा को समर्थन
इसके साथ ही वार्ड नंबर 2 से आशा मिन्हास, वार्ड नंबर तीन से राजरानी, वार्ड नंबर 5 से सर्वशक्ति भटनागर भाजपा सदस्य हैं, जबकि वार्ड नंबर 10 से निर्दलीय मयंक चौहान, वार्ड नंबर 12 से ममता सैनी तथा वार्ड नंबर 13 से निर्दलीय कुलदीप चौधरी भाजपा को समर्थन दे चुके हैं।
कांग्रेस सरकार ने नहीं दिया निकाय के लिए बजट
भाजपा मंडल अध्यक्ष एवं पूर्व पंचायत समिति अध्यक्ष हितेंद्र कुमार ने बताया कि पिछले तीन वर्षों में पांवटा साहिब नगर परिषद विकास के लिए कांग्रेस सरकार ने धनराशि स्वीकृत नहीं की। लेकिन पांवटा साहिब के विधायक सुखराम चौधरी ने नगर परिषद में फंड की कमी नहीं आने दी। आगे भी विधायक सुखराम चौधरी नगर परिषद के लिए केंद्रीय बजट, सांसद निधि तथा विधायक निधि से बजट जारी करेंगे, ताकि पांवटा साहिब के विकास कार्य लगातार आगे बढ़ता रहे।
8 पार्षदों के साथ दावा पेश करेगी भाजपा
भाजपा मंडल अध्यक्ष हितेंद्र कुमार ने कहा कि जैसे ही प्रदेश सरकार अधिसूचना जारी करेगी, वह नगर परिषद गठन के लिए भाजपा एसडीएम के समक्ष सभी 8 पार्षदों के साथ दावा पेश करेगी।