हरियाणा की जाटलैंड में भाजपा ने किया शक्ति प्रदर्शन

हरियाणा की जाटलैंड में भाजपा ने किया शक्ति प्रदर्शन

Lok Sabha Elections 2024

Lok Sabha Elections 2024

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने निकाला रोड़ शो

अर्थ प्रकाश/नीरज सिंगला
जींद, 21 मई। Lok Sabha Elections 2024: 
भाजपा ने मंगलवार को हरियाणा की सबसे बड़ी जाटलैंड मानी जाने वाली बांगर की धरती पर जींद में शक्ति प्रदर्शन किया। यह शक्ति प्रदर्शन दूसरे मायने में एक ब्राह्मण नेता द्वारा दूसरे ब्राह्मण नेता के लिए भी किया गया है। इस मौके पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने सोनीपत लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी मोहनलाल बडोली के समर्थन में भव्य रोड शो निकाला और भाजपा के पक्ष में वोट देने की अपील की। जगत प्रकाश नड्डा का भाजपा अध्यक्ष के रूप में जींद में यह पहला कार्यक्रम था। इस दौरान उन्होंने विपक्ष पर भी तीखे हमले किए। श्री नड्डा ने कहा कि भीषण गर्मी के बीच रोड शो में उमड़े जनसैलाब ने बता दिया है कि देश में तीसरी बार नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा की सरकार बनने जा रही है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष कहा कि जनसमर्थन बता रहा है 'एक बार फिर मोदी सरकार'। उन्होंने कहा कि इस बार 400 पार और देश में एक मजबूत सरकार। जेपी नड्डा ने कांग्रेस नेता पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा पर निशाना साधते हुए कहा कि हुड्डा को प्रदेश का नहीं, बल्कि सिर्फ अपने बेटे का विकास चाहिए। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने जींद के झांझ गेट स्थित पंजाबी धर्मशाला से टाऊन हाल चौक तक करीब दो किलोमीटर लंबा रोड शो निकाला। इस दौरान उनके साथ रथ पर भाजपा उम्मीदवार मोहन लाल बडोली, जींद के विधायक डॉ. कृष्ण मिढ़ा, भाजपा के प्रदेश सचिव, जवाहर सैनी मौजूद रहे। इस अवसर पर जींद नगर परिषद की अध्यक्ष डॉक्टर अनुराधा सैनी, भाजपा के जिला महामंत्री डॉ राज सैनी, हाल ही में भाजपा में शामिल हुए पूर्व जीएसटी कमिश्नर डॉक्टर सुरेंद्र लाठर, भाजपा के जिला अध्यक्ष राजू मोर, कार्यालय सचिव नरेंद्र शर्मा, पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के सोनीपत लोकसभा क्षेत्र के प्रभारी कृष्ण रोहिल्ला, सुधीर गौतम, अनिल सैनी समेत अनेक नेता और कार्यकर्ता मौजूद थे।

भीषण गर्मी के बीच रोड शो के दौरान भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष का जगह-जगह फूल मालाओं और फूल बरसाकर स्वागत किया गया। रोड शो शिव‌ चौक, पंजाबी बाजार, तांगा चौक, मेन बाजार, सिटी थाना के सामने से पालिका बाजार होते हुए टाऊन हाल चौक पर संपन्न हुआ।

भीषण गर्मी के बीच भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के रोड शो में भारी भीड़ उमड़ी और लोगों ने भाजपा प्रत्याशी मोहनलाल बडोली के समर्थन में वोट देने का संकल्प लिया। जिले में 46 डिग्री तापमान के बीच भाजपा कार्यकर्ता और लोग सड़क पर लंबी-लंबी कतारों में खड़े देखे गए। रोड़ शो में महिलाओं ने भी बढ़ चढ़कर भाग लिया। इस दौरान महिलाएं और बच्चे भाजपा के झंडे लिए दिखाई दिए। सभी ने श्री नड्डा का भव्य स्वागत किया और सोनीपत लोकसभा सीट से उम्मीदवार मोहनलाल बडोली को भारी मतों से जिताने का वादा किया।

जींद में आयोजित रोड़ शो के दौरान भारत माता की जय, जय श्रीराम, अबकि बार 400 पार और तीसरी बार फिर मोदी सरकार के नारे भी लगते रहे। भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष ने लोगों से आह्वान किया कि वे आने वाली 25 मई को सोनीपत लोकसभा सीट से उम्मीदवार मोहन लाल बडोली को बड़े मार्जन से जीत दिलाकर दिल्ली भेजें, वे आपकी आवाज उठाएंगे। नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत लगातार तेज गति से विकास कर रहा है। दुनिया में भारत का नाम बढ़ा है। इसलिए आप इस बार मोदी जी को 400 पार सीटें देकर मजबूत बनाएं, एक मजबूत सरकार ही मजबूत फैसले लेने में सक्षम होती है।