BJP ने राज्यसभा चुनाव के लिए पर्यवेक्षक उतारे; हरियाणा के लिए गुजरात से इस दिग्गज नेता की नियुक्ति, इस बार रोचक है मुकाबला
BJP Appoints Observers For Rajya Sabha Election 2026
Rajya Sabha Election 2026: राज्यसभा द्विवार्षिक चुनाव 2026 के लिए बीजेपी अपने उम्मीदवार उतार चुकी है। जहां इसी कड़ी में अब बीजेपी ने बिहार, ओडिशा और हरियाणा के लिए पार्टी केंद्रीय पर्यवेक्षक नियुक्त किए हैं। हरियाणा राज्यसभा चुनाव को लेकर बीजेपी ने गुजरात सरकार में उपमुख्यमंत्री हर्ष सांघवी राज्यसभा को केंद्रीय पर्यवेक्षक बनाया है। यानि हरियाणा राज्यसभा चुनाव में पार्टी उम्मीदवार को जिताने की रणनीतिक ज़िम्मेदारी हर्ष सांघवी के कंधों पर होगी।

हरियाणा राज्यसभा चुनाव का इस बार रोचक है मुकाबला
हरियाणा में राज्यसभा की दो सीटों के लिए तीन उम्मीदवारों के मैदान में उतरने के बाद सियासी धड़कनें बढ़ गईं हैं और मुकाबला इस बार रोचक है। बता दें हरियाणा से संजय भाटिया (बीजेपी) और कर्मवीर सिंह बौद्ध (कांग्रेस) ने नामांकन दाखिल किया है। ये दोनों सीटें बीजेपी के राज्यसभा सांसद किरण चौधरी और राम चन्दर जांगड़ा का कार्यकाल खत्म होने के कारण खाली हुई हैं। वहीं बीजेपी नेता सतीश नांदल ने भी निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में नामांकन दाखिल किया है, जिससे अब दो सीटों के लिए तीन उम्मीदवार मैदान में हैं, इसलिए चुनाव कड़ा हो सकता है।
हरियाणा में राज्यसभा चुनाव जीतने के लिए कितने वोट चाहिए?
बता दें कि पूर्व सांसद संजय भाटिया ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और अन्य वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में 5 मार्च को नामांकन दाखिल किया था। भाटिया को केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर का करीबी माना जाता है। इसके अलावा रोहतक के बोहर गांव के रहने वाले बीजेपी नेता सतीश नंदल ने निर्दलीय अपना नामांकन दाखिल किया। नामांकन में उनके साथ निर्दलीय विधायक सावित्री जिंदल, देवेंद्र कादयान और राजेश जून मौजूद थे। 90 सदस्यीय हरियाणा विधानसभा में राज्यसभा सीट जीतने के लिए 31 वोटों की जरूरत होती है। फिलहाल, बीजेपी के पास अपने 48 विधायकों का समर्थन है, जबकि कांग्रेस के पास 37 विधायक हैं।
16 मार्च को 37 राज्यसभा सीटों के लिए चुनाव
भारत चुनाव आयोग (ECI) ने 18 फरवरी को देश के 10 राज्यों की 37 राज्यसभा सीटों के लिए चुनाव की घोषणा की थी। महाराष्ट्र में सात, तमिलनाडु में छह, बिहार और पश्चिम बंगाल में पांच-पांच, ओडिशा में चार, असम में तीन, तेलंगाना, छत्तीसगढ़ और हरियाणा में दो-दो तथा हिमाचल प्रदेश में एक सीट के लिए वोटिंग कराई जानी है। 5 मार्च नामांकन की आखिरी तारीख थी। 16 मार्च को इन 37 राज्यसभा सीटों के लिए वोटिंग कराई जाएगी. इसी दिन नतीजे की भी घोषणा की जाएगी। इन सभी राज्यसभा सीटों पर मौजूदा सदस्यों का कार्यकाल अप्रैल माह में समाप्त होने जा रहा है।