बिलासपुर: अवैध खैर तस्करी पकड़ने गई टीम पर वाहन चढ़ाने का प्रयास, तीन आरोपी गिरफ्तार

बिलासपुर: अवैध खैर तस्करी पकड़ने गई टीम पर वाहन चढ़ाने का प्रयास, तीन आरोपी गिरफ्तार

Bilaspur: Attempt to run over a team that went to catch illegal

Bilaspur: Attempt to run over a team that went to catch illegal

बिलासपुर। जिला बिलासपुर में खैर की तस्करी के खिलाफ वन विभाग ने कार्रवाई की है। वन विभाग बिलासपुर सदर की टीम ने बुधवार देर रात खैर के 50 मोछों से भरे एक पिकअप वाहन को कीरतपुर-नेरचौक फोरलेन पर मंडी भराड़ी के समीप पकड़ा।

खैर तस्करी रोकने के
दौरान चालक ने एक रेंज आफिसर सहित पांच वन कर्मियों पर वाहन चढ़ाकर कुचलने का प्रयास किया। इस मामले में बिलासपुर जिला निवासी तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है।

वन विभाग को कुड्डी क्षेत्र के झलेड़ा जंगल में अवैध खैर कटान की गुप्त सूचना मिली थी। वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और क्षेत्र में निगरानी शुरू कर दी। उस दौरान एक पिकअप वाहन वहां से गुजरता दिखाई दिया जिसे निरीक्षण के लिए रुकने का इशारा किया गया।

चालक ने पिकअप को नहीं रोका

चालक ने पिकअप को नहीं रोका और फरार होने का प्रयास किया। चालक ने रेंज आफिसर सहित पांच वन कर्मियों पर वाहन चढ़ाने का प्रयास किया। वन विभाग की टीम ने तत्परता दिखाते हुए वाहन का पीछा किया।

पिकअप चालक कंदरौर के
रास्ते होते हुए कीरतपुर-नेरचौक फोरलेन पर गया और चंडीगढ़ की दिशा में तेज गति से भागने लगा। मंडी भराड़ी के पास वन विभाग की टीम ने पिकअप को रुकवाया जिसकी तलाशी लेने पर उसमें खैर की लकड़ी के मोछे बरामद हुए।

बरामद लकड़ी की कीमत करीब पांच लाख रुपये आंकी गई है। वन विभाग की टीम ने वाहन को जब्त कर पुलिस को सूचित किया। मौके पर पहुंची पुलिस की टीम ने वन विभाग से मामला लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है।

तीन आरोपितों के खिलाफ वन अधिनियम व अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तार किए गए आरोपितों में बिलासपुर जिला के बल्लू निवासी अजय कुमार, दड़ियाना निवासी मनीष कुमार और दली निवासी मुकेश कुमार शामिल हैं। वन विभाग की कार्रवाई में बीओ सुरेंद्र, वनरक्षक जितेंद्र, रजनीश व अंकेश शामिल रहे। मामला पुलिस को सौंप दिया गया है जिसमें कानूनी कार्रवाई की जा रही है। -नरेंद्र सिंह, रेंज आफिसर, बिलासपुर सदर, वन विभाग।