वेरका ड्राई मिल्क विवाद पर मजीठिया का मान सरकार पर हमला
- By Gaurav --
- Thursday, 26 Mar, 2026
Bikram Singh Majithia Slams Punjab
शिरोमणि अकाली दल के वरिष्ठ नेता बिक्रम सिंह मजीठिया ने वेरका ड्राई मिल्क विवाद को लेकर एक बार फिर पंजाब की मान सरकार पर तीखा हमला बोला है। मजीठिया ने सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत मान और आम आदमी पार्टी के नेताओं को घेरते हुए सरकार की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए।
मजीठिया ने कहा कि पहले पंजीरी घोटाला और अब ड्राई मिल्क विवाद सामने आने से पंजाब सरकार की कार्यशैली पर सवाल खड़े हो गए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि खुद को “पंजाब का बेटा” कहने वाले मुख्यमंत्री भगवंत मान ने राज्य की छवि को नुकसान पहुंचाया है।
उन्होंने दावा किया कि वेरका द्वारा सप्लाई किए गए ड्राई मिल्क को देश की सशस्त्र सेनाओं ने रिजेक्ट कर दिया, जो सरकार के दावों पर बड़ा सवाल खड़ा करता है। मजीठिया ने आरोप लगाया कि वही दूध पंजाब में लोगों को बेचा जा रहा है और इससे करोड़ों लोगों की सेहत के साथ खिलवाड़ हो रहा है।
अकाली नेता ने कहा कि सेना द्वारा सैंपल रिजेक्ट किया जाना और दिल्ली में अपील खारिज होना इस मामले की गंभीरता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि जो सैनिक देश की सुरक्षा के लिए अपनी जान जोखिम में डालते हैं, उन्हें घटिया गुणवत्ता का ड्राई मिल्क देना बेहद शर्मनाक है।
मजीठिया ने मांग की कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।