Manish Kashyap Joins BJP- मशहूर यूट्यूबर मनीष कश्यप की BJP में जॉइनिंग; मां के साथ दिल्ली में पार्टी मुख्यालय पहुंचे

मशहूर यूट्यूबर मनीष कश्यप की BJP में जॉइनिंग; मां के साथ दिल्ली में पार्टी मुख्यालय पहुंचे, सांसद मनोज तिवारी ने सदस्यता दिलाई

 Bihar Famous YouTuber Manish Kashyap Joins BJP In Delhi News Update

Bihar Famous YouTuber Manish Kashyap Joins BJP In Delhi News Update

Manish Kashyap Joins BJP: बिहार के बेहद मशहूर यूट्यूबर मनीष कश्यप अब भाजपाई हो गए हैं। मनीष कश्यप ने बीजेपी जॉइन कर ली है। मनीष कश्यप वीरवार सुबह अपनी मां के साथ दिल्ली में बीजेपी मुख्यालय पहुंचे। जिसके बाद सांसद मनोज तिवारी और अन्य नेताओं की मौजूदगी में उन्होंने बीजेपी की सदस्यता ग्रहण की। बताया जा रहा है कि, बीजेपी में शामिल होने के बाद अब मनीष कश्यप दिल्ली में जेपी नड्डा या अमित शाह से भी मुलाक़ात कर सकते हैं। वहीं मनीष कश्यप को पार्टी में कोई अहम जिम्मेदारी या बिहार विधान परिषद सदस्य यानि एमएलसी बनाए जाने की भी चर्चा है।

 Bihar Famous YouTuber Manish Kashyap Joins BJP In Delhi News Update

 

चुनाव लड़ेंगे मनीष कश्यप?

मनीष कश्यप खुद को सन ऑफ बिहार (Son of Bihar) कहते हैं। जेल से निकलने के बाद मनीष कश्यप ने बिहार और देश के लिए काम करने का ऐलान किया था। मनीष कश्यप ने ऐलान किया था कि वो बिहार में पश्चिमी चंपारण सीट से लोकसभा का चुनाव लड़ेंगे। मनीष कश्यप ने कहा था कि, किसी भी दल का टिकट मिले तो वह चुनाव लड़ेंगे। हालांकि किसी पार्टी से ऑफर नहीं मिलने पर वह लोकसभा चुनाव 2024 में पश्चिमी चंपारण सीट से निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर चुनावी प्रचार कर रहे थे और चंपारण सीट पर बीजेपी उम्मीदवार संजय जायसवाल को निर्दलीय चुनौती दे रहे थे।

माना जा रहा है कि, मनीष कश्यप की लोकप्रियता और उनकी दावेदारी को देखते हुए बीजेपी को अपने नुकसान की चिंता सताई। जिसके बाद सांसद मनोज तिवारी को मनीष कश्यप को मनाने के लिए भेजा गया। वहीं मनीष कश्यप को मनाने में मनोज तिवारी सफल भी रहे। मनोज तिवारी से बातचीत के बाद यह सहमति बन गई कि मनीष कश्यप बीजेपी में शामिल होंगे। बताया जा रहा है कि, मनीष कश्यप ने अब चुनाव नहीं लड़ने का फैसला भी किया है। वे बीजेपी में रहकर पार्टी को सपोर्ट करेंगे और पार्टी सपोर्ट से लोगों के लिए काम करेंगे।

करीब 9 महीने जेल में रहे मनीष कश्यप, पटना HC ने जमानत दी

दक्षिणी राज्य तमिलनाडु में बिहार के मजदूरों के साथ मारपीट-हिंसा के कथित वीडियो वायरल करने के मामले में मनीष कश्यप पर कानूनी कार्रवाई हुई थी। तमिलनाडु पुलिस ने मनीष कश्यप द्वारा वायरल किए गए वीडियो भ्रामक बताए थे और इस मामले में एफआईआर दर्ज कर ली थी। इसके अलावा इस मामले में बिहार पुलिस की आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने भी मनीष कश्यप के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की थी।

इसके बाद जब पुलिस ने मनीष कश्यप को गिरफ्तार करने के लिए दबिश दी तो वह अंडरग्राउंड हो गए। लेकिन जब बेतिया पुलिस ने मनीष के घर की कुर्की शुरू की तो उन्होने स्थानीय थाने में सरेंडर कर दिया। इसके बाद पुलिस ने मनीष से पूछताछ की और उन्हें जेल भेज दिया। वहीं तमिलनाडु पुलिस की टीम पटना पहुंची और 30 मार्च 2023 को ट्रांजिट रिमांड पर तमिलनाडु पुलिस अपने साथ ले गई थी। इस पूरे मामले में करीब नौ महीने तक मनीष कश्यप जेल में रहे। मनीष कश्यप पर NSA भी लगाया गया था। जिसे बाद कोर्ट के ऑर्डर पर हटाया गया। वहीं पिछले साल दिसंबर में पटना हाईकोर्ट ने मनीष कश्यप को जमानत दे दी थी।

जेल जाने-आने के बाद लोकप्रियता में भारी इजाफा

बिहार के बेतिया जिले के रहने वाले मनीष कश्यप यूं तो पहले भी लोगों के बीच काफी ज्यादा चर्चित हो रखे थे लेकिन मनीष कश्यप की लोकप्रियता का ग्राफ तब जबरदस्त उछला जब वह जेल गए। मनीष कश्यप के जेल जाने की खबर पूरे देश में आग की तरह फैली और इस बीच उनके समर्थकों ने प्रदर्शन भी किए। वहीं मनीष कश्यप जब जेल से बाहर आए तो वह लोगों के बीच एक सेलिब्रिटी बन चुके थे। देश के बड़े बड़े न्यूज चैनलों ने उनका इंटरव्यू लिया। हर तरफ मनीष कश्यप के जेल से बाहर आने की चर्चा रही।

बता दें कि, मनीष कश्यप के यूट्यूब पर करीब 8.75 मिलियन सब्सक्राइबर्स हैं. वो बिहार से जुड़े कई सामाजिक मुद्दों पर सालों से वीडियो बना रहे हैं। मनीष कश्यप केवल बिहार में ही नहीं बल्कि हिन्‍दी स्‍पीकिंग बेल्‍ट में उनके वीडियो काफी ज्यादा पसंद किए जाते हैं। मनीष कश्यप के सवालों का अंदाज भी अलग ही रहता है। वह सरकार और प्रशासन के अधिकारियों को खुलकर लपेटे में लेते हैं।

मां के साथ बीजेपी मुख्यालय में मनीष कश्यप