बिहार बोर्ड मैट्रिक टॉपर्स 2026: इनामों की बौछार; ₹2 लाख तक का नकद पुरस्कार और लैपटॉप
Bihar Board Matric Toppers 2026: A Shower of Rewards
पटना। Bihar Board 10th Result 2026: बिहार विद्यालय परीक्षा समिति द्वारा मैट्रिक वार्षिक परीक्षा में प्रथम 10 रैंक तक स्थान प्राप्त करने वाले 139 परीक्षार्थियों को पुरस्कृत किया जाएगा।
बोर्ड (BSEB) ने बताया कि वर्ष 2025 की तुलना में इस बार पुरस्कार राशि दोगुनी की गई है। प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले छात्र को दो लाख, द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले को किए हुए 1.5 लाख तथा तृतीय स्थान प्राप्त किए हुए विद्यार्थी को एक लाख रुपये प्रदान किया जाएगा।
चार से 10वें स्थान तक वाले को 20-20 हजार
चार से 10 तक स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को 20-20 हजार रुपये दिए जाएंगे। इसके अतिरिक्त सभी पुरस्कृत विद्यार्थियों को एक-एक लैपटाॅप, प्रशस्ति-पत्र तथा पदक प्रदान किया जाएगा।
इसके अतिरिक्त समिति द्वारा टाॅप 10 विद्यार्थियों को देय "बिहार विद्यालय परीक्षा समिति देशरत्न डाॅ. राजेंद्र प्रसाद मेधा छात्रवृत्ति में भी गत वर्ष से बढ़ोतरी की गई है।
टॉप टेन को दो हजार रुपये छात्रवृत्ति
प्रथम 10 रैंक तक स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को प्रतिमाह दो हजार रुपये छात्रवृत्ति के रूप में दिया जाएगा। उक्त विद्यार्थियों को राज्य सरकार अथवा केन्द्र सरकार द्वारा मान्यता प्राप्त संस्थान में नियमित रूप से नामांकित होकर अध्ययनरत रहने पर 11वीं एवं 12वीं कक्षा में अर्थात दो वर्ष तक प्रतिमाह दो हजार रुपये की छात्रवृत्ति दी जाएगी।
तकनीकी डिप्लोमा पाठ्यक्रम में नियमित अध्ययनरत रहने पर कोर्स की समाप्ति तक प्रतिमाह दो हजार रुपये की छात्रवृत्ति देय होगी।
इससे पूर्व बिहार सरकार के शिक्षा मंत्री सुनील कुमार और बिहार बोर्ड के अध्यक्ष आनंद किशोर ने परीक्षा परिणाम जारी किया।