गाजियाबाद में बिजली उपभोक्ताओं के लिए बड़ा बदलाव: स्मार्ट मीटर अब 'प्रीपेड' से 'पोस्टपेड' मोड में होंगे शिफ्ट
Big change for electricity consumers in Ghaziabad
गाजियाबाद। आरडीएसएस योजना के अंतर्गत जिले में स्थापित लगभग ढाई लाख प्रीपेड स्मार्ट मीटरों को अब पोस्टपेड मोड में परिवर्तित किया जा रहा है। यह निर्णय मुख्यालय स्तर से लिया गया है, इसके तहत मई की ऊर्जा खपत का बिल जून में पोस्टपेड पद्धति से जारी होगा।
सभी उपभोक्ताओं को उनके बिल एसएमएस और व्हाट्सएप के जरिए उपलब्ध कराए जाएंगे तथा प्रत्येक माह की 10 तारीख तक बिल सृजित करना सुनिश्चित किया गया है। जोन-प्रथम के अधीक्षण अभियंता अनिल कुमार सिंह ने बताया कि यदि किसी उपभोक्ता के स्मार्ट मीटर की ऑटोमैटिक रीडिंग माह की पांच तारीख तक प्राप्त नहीं होती है, तो मैनुअल रीडिंग कराकर समय से बिल उपलब्ध कराया जाएगा।
उन्होंने बताया कि जिन उपभोक्ताओं का मोबाइल नंबर आरएमएस पोर्टल में दर्ज नहीं है या त्रुटिपूर्ण है, वे व्हाट्सएप एवं 1912 पर काल कर संयोजन संख्या बताकर अपना बिल प्राप्त कर सकेंगे। वहीं नई व्यवस्था के तहत अब सभी नए विद्युत संयोजन स्मार्ट मीटर के माध्यम से पोस्टपेड मोड में ही जारी किए जाएंगे।
पूर्व में प्रीपेड मोड लागू करते समय उपभोक्ताओं की जमा सुरक्षा धनराशि बिल में समायोजित कर ली गई थी। अब पोस्टपेड मोड में परिवर्तन के बाद यह सुरक्षा धनराशि कास्ट डाटा बुक के अनुसार चार समान किस्तों में जून से उपभोक्ताओं के बिल में जोड़ी जाएगी।
घरेलू उपभोक्ताओं को राहत देते हुए निगम ने 30 अप्रैल तक के बकाये को 10 किस्तों में जमा करने की सुविधा दी गई है, जबकि अन्य श्रेणियों के उपभोक्ताओं को 40, 30 और 30 प्रतिशत की तीन किस्तों में भुगतान का विकल्प मिलेगा। बिल बनने के बाद 15 दिन की नियत तिथि और सात दिन की विच्छेदन तिथि पहले की तरह लागू रहेगी।