Bharatiya Janata Party ने 11 नए जिलाध्यक्ष घोषित किए, अब 95 पद भरे
Bharatiya Janata Party announces 11 new district
लखनऊ। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने गुरुवार को 11 जिलाध्यक्षों के नाम घोषित कर दिए। पश्चिम व अवध क्षेत्र के चार-चार, ब्रज, काशी व गोरखपुर क्षेत्र से भी एक-एक जिलाध्यक्ष बनाए गए हैं। जिलाध्यक्षों के चयन में जातीय समीकरणों का पूरा ध्यान रखा गया है।
भाजपा ने संगठनात्मक दृष्टि से प्रदेश को 98 जिलों में बांटा हुआ है। पिछले वर्ष 16 मार्च को सबसे पहले 70 जिलाध्यक्ष घोषित किए गए थे। इसके बाद 26 नवंबर को 14 जिलाध्यक्षों की घोषणा के साथ ही गुरुवार को 11 और जिलाध्यक्ष घोषित किए गए हैं। इनको मिलाकर घोषित जिलाध्यक्षों की संख्या 95 हो गई।
पिछले दिनों गोंडा के जिलाध्यक्ष का निष्कासन हो जाने और गोरखपुर महानगर के जिलाध्यक्ष का निधन हो जाने से दो पद और रिक्त हो गए। ऐसे में अब पांच जिलाध्यक्ष के पद रिक्त हैं। इनमें अंबेडकरनगर, वाराणसी जिला, चंदौली, देवरिया और गोरखपुर महानगर शामिल हैं। शेष जिलाध्यक्षों के नाम भी जल्द घोषित होने की उम्मीद है।
गुरुवार को घोषित किए गए 11 जिलाध्यक्षों में तीन ब्राह्मण, मौर्य व पासी दो-दो के साथ ही कायस्थ, ठाकुर, वैश्य और कश्यप जाति से एक-एक जिलाध्यक्ष बनाए गए हैं। पश्चिम क्षेत्र में रामजी लाल कश्यप को शामली, उदय गिरी गोस्वामी को अमरोहा, अजीत सिंह राणा को सहारनपुर जिला तथा नीरज शर्मा को बागपत का जिलाध्यक्ष बनाया गया है।
ब्रज क्षेत्र में गोकुल प्रसाद मौर्य को पीलीभीत, काशी क्षेत्र में लाल बहादुर सरोज को मीरजापुर तथा गोरखपुर क्षेत्र में दीपक मौर्य को सिद्धार्थनगर का जिलाध्यक्ष बनाया गया है। अवध क्षेत्र में अरविन्द गुप्ता को लखीमपुर, इकबाल बहादुर तिवारी को गोंडा, राधेश्याम त्यागी को अयोध्या और कमलेश श्रीवास्तव को अयोध्या महानगर का जिलाध्यक्ष बनाया गया है।