भगवंत मान की शुकराना यात्रा: "मेरा पेचा अब मोदी से पड़ा है"
Bhagwant Mann's Thanksgiving Tour
बरनाला। जागत जोत श्री गुरु ग्रंथ साहिब सत्कार कानून बनने के बाद निकाली जा रही मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान की शुकराना यात्रा शुक्रवार शाम बरनाला जिले के धनौला पहुंची। इस दौरान बड़ी संख्या में सिख संगतों और आम लोगों ने फूल बरसाकर मुख्यमंत्री का स्वागत किया। यात्रा के दौरान माहौल पूरी तरह राजनीतिक रंग में भी दिखाई दिया, जब मुख्यमंत्री ने भाजपा और अकाली दल पर तीखे हमले बोले।
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि वह अकाल पुरख का शुकराना करने के लिए धनौला पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि परमात्मा ने उन्हें बल और बुद्धि दी, जिसकी बदौलत उनकी सरकार जगत जोत श्री गुरु ग्रंथ साहिब सत्कार कानून बनाने में सफल रही।
अपने संबोधन के दौरान मुख्यमंत्री ने भारतीय जनता पार्टी पर सीधा हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा लड़ाई और झगड़ों की जड़ है। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में भाजपा की सरकार ने अभी शपथ तक नहीं ली और वहां हालात खराब हो गए। लोगों के घर जल रहे हैं और तनाव का माहौल बना हुआ है।

सीएम मान को सुनने के लिए पहुंचे समर्थक।
बांटने वाली राजनीति से सावधान रहने की अपील
मुख्यमंत्री ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि पंजाब के लोगों को ऐसी राजनीति से सावधान रहना चाहिए जो समाज को बांटने का काम करती है। उन्होंने कहा कि यदि पंजाब में भी ऐसी ताकतों को बढ़ावा मिला तो राज्य के हालात बिगड़ सकते हैं।
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि उनका मुकाबला हमेशा बड़े लोगों से रहा है। उन्होंने कहा, “जब भी मेरा पेचा पड़ा है, बड़े लोगों से ही पड़ा है और अब मेरा पेचा मोदी से पड़ा है।” मुख्यमंत्री के इस बयान के बाद कार्यक्रम में मौजूद समर्थकों ने जोरदार नारेबाजी की।
उन्होंने यह भी कहा कि जब सभी लोग हार गए तो अब यह जिम्मेदारी उन पर आ गई है, लेकिन उन्हें लोगों का समर्थन मिलने के कारण किसी बात की चिंता नहीं है।

बरनाला में संबोधन करते हुए सीएम भगवंत मान।
अकाली दल पर लगाए आरोप
मुख्यमंत्री ने अकाली दल पर भी तीखा कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि अब सुखबीर बादल कहां हैं और उनकी “नन्हीं छांव” विदेश में बैठकर वकीलों से सलाह ले रही है कि आगे क्या करना है। मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि अकाली दल के नेताओं ने गलत तरीके से धन कमाया है।
उन्होंने यहां तक कहा कि यदि किसी पेड़ पर अकाली दल का नाम लिख दिया जाए तो वह भी सूख जाएगा। मुख्यमंत्री के इस बयान पर कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने तालियां बजाकर प्रतिक्रिया दी। शुकराना यात्रा के दौरान आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं और समर्थकों में भारी उत्साह देखने को मिला। सुरक्षा के भी कड़े इंतजाम किए गए थे और बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा।