उत्तर प्रदेश की बड़ी छलांग: राष्ट्रीय शिकायत सेवा पोर्टल (NGSP) में बना देश का नंबर-1 राज्य
Becomes the number one state in the country
लखनऊ। Uttar Pradesh takes a big leap: भारत निर्वाचन आयोग द्वारा संचालित राष्ट्रीय शिकायत सेवा पोर्टल (एनजीएसपी) पर उत्तर प्रदेश ने बड़ी उपलब्धि हासिल की है।
नागरिकों द्वारा दी गई रेटिंग के आधार पर प्रदेश को देश में प्रथम स्थान प्राप्त हुआ है। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर) अवधि के दौरान फरवरी में प्रदेश में कुल 22,469 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 21,864 (97.3 प्रतिशत) शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जा चुका है।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने बताया कि फरवरी माह में शिकायतों के निस्तारण के मामले में उत्तर प्रदेश को पूरे देश में चौथा स्थान प्राप्त हुआ है।
प्रदेश से ऊपर मिजोरम, लद्दाख और उत्तराखंड जैसे छोटे राज्य हैं, जहां शिकायतों की संख्या काफी कम रहती है। इतनी बड़ी संख्या में शिकायतों के बावजूद समयबद्ध और प्रभावी निस्तारण कर प्रदेश ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है।
उन्होंने बताया कि शिकायतों के निस्तारण के बाद शिकायतकर्ता एक से तीन अंक देकर अपनी संतुष्टि दर्ज करते हैं। विगत एक माह में नागरिकों द्वारा दी गई रेटिंग के आधार पर प्रदेश को देश में प्रथम स्थान प्राप्त हुआ है, जो पारदर्शी और जवाबदेह कार्यप्रणाली का प्रमाण है।
एनजीएसपी 2.0 के माध्यम से मतदाता अपनी शिकायतें और प्रश्न आनलाइन दर्ज कर सकते हैं तथा उसकी प्रगति को देख भी सकते हैं।
शिकायत दर्ज करने के लिए मोबाइल नंबर अथवा ईमेल आइडी अनिवार्य है और प्रत्येक शिकायत के निस्तारण के लिए निर्धारित समय-सीमा तय है। उन्होंने बताया कि आयोग के पोर्टल (voters.eci.gov.in) अथवा ईसीआइनेट मोबाइल एप के माध्यम से भी शिकायत दर्ज की जा सकती है।