IPL कप्तानों के साथ BCCI की खास मीटिंग, क्या हट जाएगा इम्पैक्ट प्लेयर नियम?
BCCI Holds Special Meeting with IPL Captains
BCCI Holds Special Meeting with IPL Captains: इंडियन प्रीमियर लीग का 19वां संस्करण (IPL 2026) 28 मार्च से शुरू होने जा रहा है. पहला मैच रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के बीच है. लीग शुरू होने से पहले बीसीसीआई सभी आईपीएल कप्तानों के साथ एक मीटिंग करेगा, इसमें नियमों को लेकर चर्चा की जाएगी. इस चर्चा में सबसे अहम इम्पैक्ट प्लेयर नियम होगा.
बीसीसीआई की आईपीएल कप्तानों के साथ मीटिंग आज होगी. इस मीटिंग में आचार संहिता और इम्पैक्ट प्लेयर नियम जैसे मामलों पर चर्चा होगी. बता दें कि कप्तानों के साथ ये मीटिंग आम है और प्रत्येक सीजन से पहले होती है. आज होने वाली बैठक को भारत के पूर्व क्रिकेटर जवागल श्रीनाथ (मैच रेफरी) और नितिन मेनन (अंपायर पैनल के हेड) संबोधित करेंगे.
रिपोर्ट में एक बीसीसीआई अधिकारी के हवाले से कहा गया है कि आगामी आईपीएल सीजन में नियमों में कुछ नया नहीं है. कुछ कप्तान और कोच नए हैं, यही कारण है कि उन्हें नियमों के बारे में बताना है. इस मीटिंग में बैट के आकार की जांच, रिटायर्ड आउट के निर्णय, लार के इस्तेमाल, एक ओवर में दो बाउंसर, गेंद जब खेलने लायक नहीं रहती, या खो जाती है तो उसके नियम जैसे विषयों पर चर्चा होगी. कोरोना के बाद गेंद को चमकाने के लिए लार के इस्तेमाल पर प्रतिबंध लगा था. पिछले संस्करण से पहले इस प्रतिबंध को हटा दिया गया था.
पिछले संस्करण हुए थे महत्वपूर्ण फैसले
आईपीएल के पिछले संस्करण से पहले हुई कप्तानों की मीटिंग में कुछ जरुरी फैसले लिए गए थे, जिसमें लार के इस्तेमाल की अनुमति देने का निर्णय अहम था. दूसरी पारी में गेंदबाजी करने वाली टीम को 10 ओवरों के बाद एक बार गेंद बदलने के विकल्प का भी फैसला किया गया था. हालांकि गेंद बदलने की जरुरत है या नहीं, ये फैसला अंपायर का ही होगा.
आईपीएल 2026 कप्तान
- चेन्नई सुपर किंग्स- ऋतुराज गायकवाड़
- दिल्ली कैपिटल्स- अक्षर पटेल
- गुजरात टाइटंस- शुभमन गिल
- कोलकाता नाइट राइडर्स- अजिंक्य रहाणे
- लखनऊ सुपर जायंट्स- ऋषभ पंत
- मुंबई इंडियंस- हार्दिक पंड्या
- पंजाब किंग्स-श्रेयस अय्यर
- राजस्थान रॉयल्स- रियान पराग
- रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु- रजत पाटीदार
- सनराइजर्स हैदराबाद- ईशान किशन