बाल श्रमिक विद्या योजना अब यूपी के सभी 75 जिलों में लागू होगी
- By Gaurav --
- Saturday, 23 May, 2026
Bal Shramik Vidya Yojana
Yogi Adityanath ने श्रमिकों को राज्य की प्रगति की सबसे बड़ी शक्ति बताते हुए कहा कि उन्हें सम्मान, सुरक्षा और बेहतर अवसर देना सरकार की प्राथमिकता है। श्रम एवं सेवायोजन विभाग की समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने श्रमिक कल्याण, कौशल विकास और रोजगार सृजन को अधिक प्रभावी बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए।
मुख्यमंत्री ने “बाल श्रमिक विद्या योजना” को प्रदेश के सभी 75 जिलों में लागू करने का निर्देश दिया। वर्तमान में यह योजना 20 जिलों में संचालित है। योजना के तहत 8 से 18 वर्ष आयु वर्ग के कामकाजी बच्चों को स्कूलों से जोड़कर आर्थिक सहायता दी जाती है।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कोई भी बच्चा आर्थिक मजबूरी के कारण शिक्षा से वंचित नहीं रहना चाहिए। उन्होंने बाल श्रम प्रभावित क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाकर बच्चों को विद्यालयों से जोड़ने और उनके पुनर्वास की प्रक्रिया को प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। साथ ही निजी क्षेत्र के सहयोग से इन बच्चों के कौशल विकास की कार्ययोजना तैयार करने पर भी जोर दिया।
बैठक में मुख्यमंत्री ने “सेवामित्र व्यवस्था” को और मजबूत बनाने, बड़े शहरों में निर्माण श्रमिकों के लिए आधुनिक सुविधा केंद्र विकसित करने और रोजगार मिशन को वैश्विक अवसरों से जोड़ने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि श्रमिक केवल उत्पादन प्रक्रिया का हिस्सा नहीं, बल्कि राज्य की अर्थव्यवस्था और विकास की असली ताकत हैं।
मुख्यमंत्री ने दोहराया कि सरकार युवाओं, श्रमिकों और कमजोर वर्गों को सम्मानजनक जीवन, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, सुरक्षित कार्य वातावरण और बेहतर रोजगार उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।