बैसाखी पर सेक्टर-46 को तोहफा, सांसद मनीष तिवारी ने किया नवीनीकृत पार्क का उद्घाटन
Baisakhi Gift for Sector-46
चंडीगढ़, 14 अप्रैल। Baisakhi Gift for Sector-46: चंडीगढ़ के सांसद मनीष तिवारी ने शनिवार को सेक्टर-46 सी स्थित नेबरहुड पार्क के नवीनीकरण कार्य का उद्घाटन किया। बैसाखी के अवसर पर इलाकावासियों को यह पार्क बतौर तोहफा समर्पित किया गया।
नवीनीकृत पार्क में बच्चों के लिए नए झूले लगाए गए हैं और सुबह-शाम सैर करने वालों के लिए वॉकिंग ट्रैक बनाया गया है। स्थानीय निवासियों की यह लंबे समय से मांग थी।
इस अवसर पर सांसद तिवारी ने कहा, "शहर के हर क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं का विकास मेरी प्राथमिकता है। यह नवीनीकरण मेरे सांसद निधि (एमपी लैड फंड) से करवाया गया है ताकि लोगों को बेहतर सार्वजनिक सुविधाएं मिल सकें।"
पूर्व पार्षद जितेंद्र भाटिया ने सांसद का आभार जताते हुए कहा कि यह जनहित में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने क्षेत्रवासियों से पार्क की साफ-सफाई बनाए रखने की अपील की।
एरिया पार्षद गुरप्रीत सिंह गाबी ने अपने वार्ड फंड से पार्क में बुजुर्गों के बैठने के लिए हट बनाने की घोषणा की।
कार्यक्रम में बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुति देकर सांसद का धन्यवाद किया। बच्चों ने कहा कि अब उन्हें खेलने के लिए सुरक्षित और बेहतर स्थान मिल गया है।
एचआईजी हाऊसस वेलफेयर संगठन के पदाधिकारियों ने भी इस विकास कार्य की सराहना की।
इस मौके पर चंडीगढ़ टेरिटोरियल कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एच.एस. लक्की, मार्केट वेलफेयर एसोसिएशन सेक्टर-46 के प्रधान बलविंदर सिंह उत्तम, श्री सनातन धर्म मंदिर सेक्टर-46 के महासचिव सुशील सोवत, एचआईजी हाऊसस रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन के प्रधान सुशील कपूर व हेमराज शर्मा, गुरुद्वारा श्री सिंह सभा सेक्टर-46 के प्रधान कुलदीप सिंह, श्री सनातन धर्म दशहरा समिति सेक्टर-46 के प्रधान नरेंद्र भाटिया सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग मौजूद रहे।