मशहूर रैपर बादशाह को गिरफ्तार करने की तैयारी; आपत्तिजनक गाने को लेकर पंचकूला पुलिस का एक्शन तेज, YouTube से गाना हटवाया
Badshah Tateeree Song Controversy Police Action For Arrest Breaking
Badshah Song Controversy: मशहूर बॉलीवुड सिंगर और रैपर बादशाह को किसी भी वक्त गिरफ्तार किया जा सकता है। बादशाह के विवादित और आपत्तिजनक गाने 'Tateeree' को लेकर पंचकूला पुलिस का एक्शन तेज हो गया है। एक दिन पहले ही पंचकूला पुलिस ने बादशाह के खिलाफ एफ़आईआर दर्ज की थी। बादशाह को पुलिस के समक्ष पेश होने के लिए नोटिस जारी किया गया है। वहीं एफ़आईआर दर्ज करने के बाद पंचकूला पुलिस की टीमें बादशाह की गिरफ्तारी के लिए दबिश भी दे रही हैं। पंचकूला पुलिस का कहना है कि मामले में सख्त कारवाई की जाएगी।
लुक आउट सर्कुलर जारी करने की प्रक्रिया
हरियाणा पुलिस की तरफ से आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर जानकारी दी गई है कि आरोपी बादशाह के खिलाफ Look Out Circular (LOC) जारी कराने की प्रक्रिया भी शुरू की जा रही है ताकि गिरफ्तारी से बचने के लिए बादशाह द्वारा किसी बाहरी देश में शरण न ली जा सके। वहीं पुलिस ने YouTube से बादशाह का विवादित 'Tateeree'गाना हटवा दिया है। इसके अलावा अन्य सभी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से भी गाने के वीडियो हटवाने की कार्रवाई जारी है। पुलिस ने कहा कि आपत्तिजनक सामग्री साझा करने वालों पर भी सख्त कानूनी कार्रवाई होगी।

बादशाह के खिलाफ जींद में एक और FIR
आपत्तिजनक 'Tateeree' गाने को लेकर सिर्फ पंचकूला में ही नहीं बल्कि बादशाह के खिलाफ जींद में एक और FIR दर्ज की गई है। आरोप है कि गाने में हरियाणा रोडवेज की जींद डिपो की बस दिखाई गई है। गाने में बिना इजाजत के बस दिखाने के चलते जींद डिपो के जनरल मैनेजर ने शिकायत दर्ज करवाई है। जिसके बाद इस मामले में भी बादशाह के खिलाफ आगामी बनती कार्रवाई की जा रही है।
महिला आयोग ने भी संज्ञान लिया
बता दें कि बादशाह के 'Tateeree' गाने को लेकर हरियाणा महिला आयोग ने पहले ही संज्ञान लिया था और नोटिस जारी किया था। महिला आयोग ने गाने में अश्लील और आपत्तिजनक शब्दों को लेकर बादशाह पर कड़ी नाराजगी जताई है और सख्त चेतावनी जारी की है। महिला आयोग का कहना है कि इसके लिए बादशाह पर कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिये ताकि ऐसा कुछ करने वाले औरों के लिए एक सीख हो।
दरअसल, बादशाह पर समाज में अश्लीलता फैलाने का आरोप है। उनके गाने में महिलाओं को लेकर आपातिजनक शब्द हैं। गाने को महिलाओं की गरिमा को ठेस पहुंचाने और अपमान करने वाला बताया गया है। गाने को लेकर हरियाणा में सबसे ज्यादा गुस्सा और रोष देखा जा रहा है। लोगों का कहना है कि बादशाह के नए गाने से समाज में गलत संदेश जा रहा है। गाने के वीडियो में लड़कियों को स्कूल की यूनिफॉर्म में दिखाया गया है और स्कूल जैसे माहौल को अलग और गलत तरीके से प्रस्तुत किया गया है। कहा जा रहा है कि इस प्रकार की सामग्री बच्चों और युवाओं के मन पर नकारात्मक प्रभाव डाल सकती है और समाज में गलत सोच को बढ़ावा दे सकती है।
बादशाह ने कहा- बेटा मानकर माफ कर दें
इधर बादशाह ने गाने को लेकर बढ़ते विवाद और लटकती गिरफ्तारी की तलवार को देखते हुए माफी मांगी है और कहा है कि यह गाना हर जगह से हटाया जा रहा है। बादशाह ने कहा, ''मेरा नया गाना 'टटीरी' रिलीज हुआ है और मैं देख रहा हूं उसके एक हिस्से में मेरे लिरिक्स और दिखाये गए विजुअल्स से जो मैसेज गया है, उससे कई लोगों को, खासकर मेरे अपने हरियाणा के लोगों को ठेस पहुंची है। सबसे पहले मैं यह कहना चाहता हूं कि मैं खुद हरियाणा से हूं। जो लोग मुझे जानते हैं, वो यह जानते हैं की मेरी बोली, मेरा खान-पान और रहन-सहन हरियाणवी है। मेरी पहचान हरियाणा से है और मुझे से इस पर गर्व है।''
बादशाह ने कहा, ''मेरा कभी भी ऐसा इरादा या उद्देश्य नहीं था कि हरियाणा के किसी बच्चे, किसी महिला के बारे में ऐसी बेहूदगी बात करूँ। मैं हिप हॉप ज़ोनर से हूं जहां लिरिक्स अक्सर कॉम्पिटिशन को नीचा दिखाने के लिए होते हैं॥ यह किसी भी महिला और बच्चे के लिए कभी नहीं था और न ही मैं कभी ऐसा करुंगा। मैंने हमेशा कोशिश की है कि मैं हरियाणा की बोली को, हरियाणा के कल्चर को ऊंचाई पर ले जा सकूँ। लेकिन अगर मेरे गाने से ठेस पहुंची है तो मैं तह दिल से माफी मांगता हूं, मैं उम्मीद करता हूं कि लोग मुझे हरियाणा का बेटा और अपना बेटा समझकर माफ़ करेंगे।''