Chandigarh में पार्किंग चार्ज को लेकर ऑटो-टैक्सी यूनियन का प्रदर्शन, मेयर ने दिया आश्वासन
Auto-taxi union protests in Chandigarh over parking charges, Mayor gives assurance
शहर में पार्किंग चार्ज लगाए जाने के मुद्दे पर ऑटो और टैक्सी चालकों ने मौजूदा मेयर Saurav Joshi से मुलाकात की। बड़ी संख्या में पहुंचे ड्राइवरों ने पार्किंग शुल्क हटाने की मांग की और कहा कि पहले की तरह उन्हें मुफ्त पार्किंग सुविधा दी जाए।
मेयर सौरव जोशी ने प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात के दौरान कहा कि वह इस मुद्दे पर नगर निगम के कमिश्नर से चर्चा करेंगे। उन्होंने भरोसा दिलाया कि “पार्किंग चार्ज अलग से लगना मुझे भी उचित नहीं लगता। आप लोग शहर के नागरिकों को जिम्मेदारी के साथ उनकी मंजिल तक पहुंचाते हैं, इसलिए आपकी समस्याओं पर गंभीरता से विचार किया जाएगा।” हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि फिलहाल कमिश्नर शहर में मौजूद नहीं हैं और उनके लौटने के बाद ही अंतिम निर्णय लिया जाएगा।
यूनियन अध्यक्षों ने रखी अपनी बात
ऑटो कैब यूनियन के अध्यक्ष Anil Kumar ने सैकड़ों ड्राइवरों की मौजूदगी में कहा कि पिछले 15 वर्षों से शहर में ऑटो चलाने के दौरान कभी पार्किंग चार्ज नहीं लिया गया। चाहे किसी भी राजनीतिक दल का मेयर रहा हो या पार्किंग व्यवस्था निजी हाथों में रही हो, चालकों को शुल्क नहीं देना पड़ा।
उन्होंने कहा कि ड्राइवर अक्सर बुजुर्ग, बीमार और दिव्यांग यात्रियों को पिक-ड्रॉप करते हैं। कई बार यात्रियों के पास इतना सामान होता है कि उन्हें वाहन के पास तक छोड़ना पड़ता है। ऐसे में हर सेक्टर में पार्किंग चार्ज देना ड्राइवरों के लिए संभव नहीं है।
वहीं टैक्सी यूनियन अध्यक्ष Amandeep Singh ने मांग की कि पहले की तरह सेक्टरों में टैक्सी और कैब खड़ी करने के लिए निर्धारित स्थान उपलब्ध कराए जाएं। उनका कहना है कि यदि पार्किंग शुल्क लागू किया गया तो इससे चालकों की आय पर सीधा असर पड़ेगा।
कमिश्नर के फैसले का इंतजार
अब पूरा मामला नगर निगम कमिश्नर के निर्णय पर निर्भर है। मेयर ने आश्वासन दिया है कि ड्राइवरों की समस्याओं को प्राथमिकता से उठाया जाएगा। फिलहाल ऑटो और टैक्सी यूनियनें कमिश्नर के चंडीगढ़ लौटने का इंतजार कर रही हैं, जिसके बाद इस मुद्दे पर आगे की कार्रवाई तय होगी।