'धुरंधर-2' में अतीक का अक्स: ISI कनेक्शन से लेकर लाइव मर्डर तक का फिल्मी चित्रण
Atiq's Reflection in 'Dhurandhar-2'
अतीक के ISI संबंध, नकली नोट, हथियार तस्करी का चित्रण।
पुलिस हिरासत में अतीक-अशरफ की हत्या भी दिखाई गई।
प्रयागराज। माफिया अतीक अहमद एक बार फिर चर्चा में है। 19 मार्च को रिलीज हुई फिल्म धुरंधर-2 (Dhurandhar-2 The Revenge) में कई दृश्य फिल्माए गए, जिन्हें देखकर शहर के लोगों के साथ ही इंटरनेट मीडिया पर माफिया अतीक और उसके हत्याकांड पर चर्चा होने लगी।
फिल्म के प्रशंसकों का कहना है कि धुरंधर फिल्म के दूसरे पार्ट में सांसद, विधायक के बाद गैंग्स्टर बने अतीक अहमद से मिलने वाली शक्ल के किरदार को दिखाया गया है।
हालांकि उस किरदार का नाम आतिफ अहमद रखा गया है। रुपहले पर्दे पर माफिया अतीक की जिंदगी से जुड़े कई पहलुओं को दर्शाया गया।
फिल्म में अतीक के तार ISI से
इसमें अतीक अहमद के तार पाकिस्तान और उसकी खुफिया एजेंसी आइएसआइ से जोड़ा गया है। नकली नोट, असलहों की तस्करी का कनेक्शन भी दिखा है। फिल्म में अतीक और उसके छोटे भाई अशरफ की पुलिस हिरासत में हत्या को भी दिखाया गया है।
माफिया अतीक से एएनए ने भी की थी पूछताछ
उमेश पाल हत्याकांड के बाद माफिया अतीक से एनआइए और एटीएस ने भी पूछताछ की थी। पंजाब के रास्ते पाकिस्तान से आने वाले हथियार के बारे में कहा गया था।
अतीक और उसके भाई अशरफ की 15 अप्रैल 2023 की रात पुलिस हिरासत में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। शूटरों ने वारदात के लिए जिगाना पिस्टल का इस्तेमाल किया था। तीनों आरोपित चित्रकूट जेल में बंद हैं।
अतीक पर 100 केस दर्ज थे
अतीक के खिलाफ करीब 100 आपराधिक मुकदमे दर्ज थे। हत्या से एक माह पहले ही उसे उमेश पाल का अपहरण करने के मुकदमे में आजीवन कारावास की सजा मिली थी। पुलिस जब कस्टडी रिमांड पर लेकर पूछताछ के बाद काल्विन अस्पताल में मेडिकल चेकअप कराने गई थी, तभी हत्या हुई थी।