असम एयरबेस कर्मचारी सुमित कुमार पाकिस्तान जासूसी केस में गिरफ्तार
Assam Airbase Employee Sumit Kumar Arrested
असम एयरबेस कर्मचारी सुमित कुमार पाकिस्तान के लिए जासूसी में गिरफ्तार
लड़ाकू विमानों, मिसाइल प्रणालियों की संवेदनशील जानकारी लीक करने का आरोप
राजस्थान इंटेलिजेंस ने जैसलमेर कनेक्शन के बाद कार्रवाई की
नई दिल्ली। Assam Airbase Employee Sumit Kumar Arrested, वायुसेना और राजस्थान इंटेलिजेंस की टीम ने असम के वायु सेना अड्डे में तैनात एक कर्मचारी को पाकिस्तान की जासूसी के आरोप में गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किया गया कर्मचारी 36 वर्षीय सुमित कुमार, वायुसेना में मल्टी-टास्किंग स्टाफ (MTS) के पद पर तैनात था।
आरोप है कि वह पाकिस्तानी खुफिया एजेंटों को लड़ाकू विमानों की तैनाती और मिसाइल प्रणालियों जैसी बेहद संवेदनशील जानकारी लीक कर रहा था। सुमित यूपी के प्रयागराज स्थित लाहुरपार का निवासी है।
फिलहाल आरोपी के खिलाफ आधिकारिक गोपनीयता अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। इससे पहले पुलिस ने जासूसी के आरोप में जैसलमेर के रहने वाले झबरा राम को गिरफ्तार किया था।
क्या है पूरा मामला?
दरअसल, पूरा मामला जनवरी का है, जब राजस्थान खुफिया विभाग ने जैसलमेर निवासी झबराराम को गिरफ्तार किया था। पूछताछ के दौरान सुमित का नाम नेटवर्क में एक महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में सामने आया। झबरा राम से मिली सूचना के आधार पर ही यह कार्रवाई की गई है।
गोपनीय जानकारी साझा करने का आरोप
अधिकारियों ने बताया कि सुमित ने कथित तौर पर अपने पद का दुरुपयोग करते हुए वायु सेना के अभियानों से संबंधित संवेदनशील जानकारी प्राप्त की और उसे आगे बढ़ाया, जिसमें लड़ाकू विमानों की तैनाती, मिसाइल प्रणालियों और बीकानेर के चाबुआ और नल वायु सेना स्टेशनों पर तैनात अधिकारियों और कर्मियों से संबंधित जानकारी शामिल थी।
जांचकर्ताओं ने यह भी पाया कि उसने कथित तौर पर पाकिस्तानी हैंडलर्स को अपने नाम पर पंजीकृत मोबाइल नंबरों का उपयोग करके सोशल मीडिया अकाउंट बनाने में मदद की, जिससे गुप्त संचार संभव हो सका।
पूछताछ के लिए लाया जयपुर
पुष्ट सूचनाओं के आधार पर, राजस्थान खुफिया विभाग ने वायु सेना खुफिया विभाग के समन्वय से सुमित को चाबुआ से हिरासत में लिया और पूछताछ के लिए उसे जयपुर के केंद्रीय पूछताछ केंद्र में लाया।