लखनऊ में ASI ने की आत्महत्या, सुशांत गोल्फ सिटी में फांसी लगाकर दी जान, 4 पेज का सुसाइड नोट बरामद
ASI Commits Suicide in Lucknow
ASI Commits Suicide in Lucknow: राजधानी लखनऊ से चौंकाने वाली घटना सामने आई है. उत्तर प्रदेश पुलिस मुख्यालय में तैनात 34 साल के असिस्टेंट सब-इंस्पेक्टर (ASI) सत्येंद्र वर्मा ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. उनकी शादी जल्द ही होने वाली थी. उससे पहले ही उन्होंने खौफनाक कदम उठा लिया. परिजनों ने उनकी मंगेतर पर गंभीर आरोप लगाए हैं. इस घटना के बाद परिवार में मातम पसर गया.
मूल रूप से फतेहपुर जिले के रहने वाले सत्येंद्र वर्मा लखनऊ के सुशांत गोल्फ सिटी थाना क्षेत्र स्थित अहिमामऊ इलाके में किराए पर रहते थे. गुरुवार को उनका शव कमरे में फंदे से लटका मिला. काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुलने पर लोगों को शक हुआ. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़कर अंदर दाखिल हुई. कमरे के भीतर सत्येंद्र का शव पंखे से लटका मिला.
तलाशी के दौरान पुलिस को चार पन्नों का एक सुसाइड नोट भी मिला. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, सुसाइड नोट में सत्येंद्र ने अपनी जिंदगी की असफलताओं के लिए खुद को जिम्मेदार ठहराया है. हालांकि, मृतक के परिजनों ने इस मामले में गंभीर आरोप लगाए हैं.
परिजनों का कहना है कि सत्येंद्र की शादी तय हो चुकी थी और वह अपनी मंगेतर से बातचीत करते थे. परिजनों के अनुसार, आत्महत्या से एक दिन पहले भी सत्येंद्र की अपनी मंगेतर से लंबी बातचीत हुई थी. उनका आरोप है कि इसी बातचीत के बाद वह मानसिक रूप से बेहद परेशान थे.
परिवार का दावा है कि मंगेतर की वजह से ही सत्येंद्र ने यह कदम उठाया. परिजनों की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मंगेतर के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का केस दर्ज कर लिया है.
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के सीनियर अधिकारी मौके पर पहुंचे और जायजा लिया. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. साथ ही, सुसाइड नोट को जांच के लिए रख लिया गया है. पुलिस अब मोबाइल कॉल डिटेल, चैट और अन्य साक्ष्यों की भी जांच कर रही है. फिलहाल पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है. सुसाइड नोट, परिजनों के आरोप और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.