दिल्ली शराब घोटाले में केजरीवाल कोर्ट से बरी; मीडिया के सामने फफक कर रोने लगे, कहा- केजरीवाल भ्रष्ट नहीं है, CBI ने अरेस्ट किया था
Arvind Kejriwal Acquitted in Delhi Liquor Scam And Also Manish Sisodia
Kejriwal Liquor Policy Scam: दिल्ली शराब नीति घोटाले को लेकर CBI द्वारा दर्ज केस में पूर्व CM अरविंद केजरीवाल को राउज एवेन्यू कोर्ट ने बरी कर दिया है। केजरीवाल के साथ-साथ पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया भी बरी किए गए हैं। CBI केस में आरोप तय करने को लेकर आज हुई सुनवाई के दौरान कोर्ट ने माना कि अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया के खिलाफ आरोप सिद्ध नहीं हो रहे हैं। जिसके बाद राउज एवेन्यू कोर्ट ने केजरीवाल और सिसोदिया के खिलाफ सीबीआई द्वारा आरोपित सभी आरोप खारिज करते हुए उन्हें बरी किए जाने का आदेश सुनाया। इस फैसले के दौरान केजरीवाल और सिसोदिया कोर्ट में मौजूद रहे।
केजरीवाल बयान देते हुए मीडिया के सामने रोने लगे
इधर शराब घोटाले में कोर्ट से बरी होने के बाद जब AAP सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल ने मीडिया से बातचीत की तो इस दौरान वह बेहद भावुक हो गए और फफक-फफक कर रोने लग गए। केजरीवाल ने कहा, "पिछले कुछ सालों से भाजपा जिस तरह से शराब घोटाले के बारे में कह रही थी और हमारे ऊपर आरोप लगा रही थी तो आज कोर्ट ने सभी आरोप खारिज कर दिए और सभी आरोपियों को बरी कर दिया है। हमने हमेशा कहा है की सत्य की जीत होती है और एक बार फिर सत्य की जीत हुई है। हमें भारतीय न्यायपालिका पर भरोसा था और भगवान हमारे साथ था।''
केजरीवाल ने आगे कहा, ''बीजेपी सरकार ने राजीतिक षड्यंत्र के तहत AAP को खत्म करने के लिए पार्टी के सबसे बड़े और प्रमुख नेताओं को जेल में डलवाया. यहां तक की सिटिंग चीफ मिनिस्टर को उसके घर से गिरफ्तार कर जेल में डाला गया और लगभग 6 महीने तक जेल में रखा। जबकि मनीष सीसोदिया को 2 साल तक जेल में रखा गया। यह पूरा फर्जी केस था। फिर भी हमारे ऊपर कीचड़ उछालने की कोशिश हुई। 24 घंटे टीवी चैनलों में खबरें चलती थीं की केजरीवाल भ्रष्ट है लेकिन केजरीवाल भ्रष्ट नहीं है।''
कोर्ट ने कहा है कि केजरीवाल कट्टर ईमानदार है
केजरीवाल ने आगे कहा, मैंने अपने जीवन में केवल ईमानदारी कमाई है। लेकिन फिर भी मेरे ऊपर झूठा केस लगाया और आज यह साबित हो गया। कोर्ट ने भी कहा है कि केजरीवाल, मनीष सिसोदिया और AAP कट्टर ईमानदार है। वहीं केजरीवाल ने बीजेपी और पीएम मोदी पर निशाना साधते हुए कहा की अच्छा काम करके सत्ता में आइए और झूठे केस करके हमें जेल में डालना प्रधानमंत्री को शोभा नहीं देता। वहीं पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा, "आज एक बार फिर देश के संविधान पर गर्व हो रहा है और आज सत्य की जीत हुई है।''
सीबीआई ने 26 जून को केजरीवाल को गिरफ्तार किया
ज्ञात रहे कि दिल्ली शराब नीति घोटाले को लेकर ED और CBI दोनों ने केजरीवाल के खिलाफ कार्रवाई की और उन्हें गिरफ्तार किया गया। वह ED और CBI की गिरफ्तारी में लगभग 6 महीने तिहाड़ जेल में रहे। इसके बाद सुप्रीम कोर्ट से जमानत मिलने के बाद वह जेल से बाहर आ गए थे। इससे पहले उन्हें लोकसभा चुनाव 2024 के प्रचार के लिए भी अन्तरिम जमानत मिली थी। बता दें कि सबसे पहले ईडी ने अरविंद केजरीवाल को 21 मार्च 2024 की रात उनके आवास से गिरफ्तार किया था। इससे पहले ईडी ने केजरीवाल के आवास पर छानबीन और लगभग दो घंटे तक केजरीवाल से पूछताक्ष की थी।
वहीं ED की गिरफ्तारी के बाद सीबीआई ने 26 जून को केजरीवाल को गिरफ्तार किया था। वहीं केजरीवाल को ED केस में जमानत मिलने पर सीबीआई ने अपने केस में सुप्रीम कोर्ट में केजरीवाल को जमानत दिये जाने का हर तरह से विरोध किया था। सीबीआई का कहना था कि केजरीवाल की गिरफ्तारी अवैध नहीं है। उनकी शराब घोटाले में प्रमुख संलिप्तता है। CBI का आरोप था कि जो पॉलिसी बनाई गई थी, उसमें पूरी तरह से हेरफेर किया गया था। जिसमें केजरीवाल और मनीष सिसोदिया मुख्यता शामिल रहे।