हिमाचल राज्यसभा: रणनीति के साथ 'आखिरी मिनट' पर नामांकन, अनुराग शर्मा ने भरा पर्चा
Anurag Sharma files nomination at the last minute
शिमला। हिमाचल प्रदेश में राज्यसभा चुनाव के लिए कांग्रेस प्रत्याशी अनुराग शर्मा ने नामांकन दाखिल कर दिया। पहले 11 बजे नामांकन दाखिल करने का निर्णय लिया गया था, लेकिन बाद में अचानक फैसला बदल दिया गया। दरअसल, मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू दोपहर 2.23 बजे विधानसभा पहुंचे, यहां विधायकों के साथ बैठक के बाद 2.40 बजे नामांकन दाखिल करने पहुंच गए।
कांग्रेस ने 11 बजे विधायक दल की बैठक बुलाई थी। लेकिन मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू तय समय पर नहीं पहुंच पाए, वह राज्य सचिवालय में ही थे। करीब साढ़े तीन घंटे बाद कांग्रेस विधायक दल की बैठक हुई।
पहले 11 बजे नामांकन की थी तैयारी
पहले बताया जा रहा था कि सुबह 11 बजे ही नामांकन दाखिल कर दिया जाएगा, लेकिन इसे लंबित कर दिया गया। वहीं, विधायक दल की बैठक भी सुबह 11 बजे बुलाई गई थी, लेकिन सीएम सुखविन्द्र सिंह सुक्खू के न पहुंचने के कारण बैठक तय समय पर नहीं हो पाई।
नामांकन में क्यों देरी
कांग्रेस प्रत्याशी अनुराग शर्मा ने अपने दस्तावेज तैयार कर लिए हैं। लेकिन बताया जा रहा है कि रणनीति के तहत ही नामांकन पत्र दाखिल करने में देरी की जा रही है। कांग्रेस प्रत्याशी आखिरी समय में ही नामांकन दाखिल करेंगे।
नामांकन दाखिल करने का समय दोपहर बाद तीन बजे का था। ऐसे में कांग्रेस ने आखिरी समय में ही नामांकन दाखिल किया।
मंत्री व विधायक करते रहे इंतजार
11 बजे मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू की अध्यक्षता में विधानसभा परिसर में कांग्रेस विधायक दल की बैठक बुलाई गई थी। इसके लिए कांग्रेस विधायक व मंत्री भी समय पर पहुंच गए, जो दोपहर तक सीएम के आने का इंतजार करते रहे।