आंगनबाड़ी सहायिकाओं को बड़ी राहत: पदोन्नति के नए नियम जारी, आयु सीमा 60 वर्ष तक
- By Gaurav --
- Thursday, 23 Apr, 2026
Anganwadi Helpers Get Relief:
महिला एवं बाल विकास विभाग ने आंगनबाड़ी सहायिकाओं की पदोन्नति प्रक्रिया को लेकर नई गाइडलाइन जारी कर दी है। विभाग के अनुसार अब सहायिका से कार्यकर्ता (वर्कर) पद पर पदोन्नति खंड स्तर पर 50 प्रतिशत कोटे के आधार पर की जाएगी, जिससे लंबे समय से लंबित प्रमोशन प्रक्रिया को गति मिलेगी।
नई व्यवस्था के तहत आयु सीमा को लेकर भी बड़ा बदलाव किया गया है। अब 60 वर्ष तक की आयु (सेवानिवृत्ति आयु) तक कर्मचारी पदोन्नति के पात्र रहेंगे। पहले यह सीमा विधवा सहायिकाओं के लिए 50 वर्ष और अन्य के लिए 45 वर्ष तय थी, जिसे अब समाप्त कर दिया गया है।
हालांकि, शैक्षणिक योग्यता और अनुभव की शर्तें यथावत रखी गई हैं। दसवीं पास सहायिकाओं के लिए 10 वर्ष का अनुभव और 12वीं पास के लिए कम से कम 5 वर्ष का अनुभव अनिवार्य रहेगा।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि कई जिलों में लंबे समय से पदोन्नति नहीं होने के कारण खाली पदों की संख्या बढ़ रही थी। नई गाइडलाइन के जरिए इस प्रक्रिया को तेज करने का निर्णय लिया गया है। निर्देश दिए गए हैं कि पदोन्नति की प्रक्रिया 30 अप्रैल तक पूरी कर ली जाए, जबकि 30 जून तक खाली पदों पर नई भर्ती की जाएगी।
इस फैसले से हजारों आंगनबाड़ी कर्मचारियों को लाभ मिलने की उम्मीद है और विभागीय कामकाज में भी सुधार आएगा।