चारधाम यात्रा के जाम में फंसी एंबुलेंस, चिकित्सा कर्मियों ने एंबुलेंस में कराया सुरक्षित प्रसव

चारधाम यात्रा के जाम में फंसी एंबुलेंस, चिकित्सा कर्मियों ने एंबुलेंस में कराया सुरक्षित प्रसव

1000226881

Ambulance stuck in Chardham Yatra traffic jam, medical staff

गोपेश्वर (चमोली)। चारधाम यात्रा के दौरान ज्योतिर्मठ में लग रहे जाम का असर अब आम जनजीवन और स्वास्थ्य सेवाओं पर भी पड़ने लगा है।

सोमवार को सुरक्षित प्रसव के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाई जा रही गर्भवती महिला की एंबुलेंस जाम में फंस गई। स्थिति गंभीर होने पर चिकित्सा कर्मियों ने सूझबूझ और साहस का परिचय देते हुए एंबुलेंस के भीतर ही सुरक्षित प्रसव कराया।

जानकारी के अनुसार, ज्योतिर्मठ विकासखंड के पल्ला गांव निवासी उमा देवी (22 वर्ष) को प्रसव के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया जा रहा था।

इसी दौरान बदरीनाथ हाईवे पर तीर्थयात्रियों की भारी भीड़ के चलते एंबुलेंस जाम में फंस गई और आगे नहीं बढ़ पाई।

हालात को देखते हुए 108 आपातकालीन सेवा में तैनात इमरजेंसी मेडिकल टेक्निशियन (ईएमटी) प्रिया, एंबुलेंस चालक आदित्य और आशा कार्यकर्ता विनीता देवी ने एंबुलेंस में ही सुरक्षित प्रसव कराया।

सुबह करीब 9:45 बजे टीम के सामूहिक प्रयास से महिला ने स्वस्थ शिशु को जन्म दिया। जाम खुलने के बाद जच्चा और बच्चे को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ज्योतिर्मठ में भर्ती कराया गया, जहां दोनों स्वस्थ बताए जा रहे हैं।

महिला के पति उमेश चंद्र ने 108 सेवा के कर्मचारियों और आशा कार्यकर्ता का आभार जताया। वहीं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ज्योतिर्मठ के अधीक्षक डॉ. गौतम ने बताया कि एंबुलेंस स्टाफ और आशा कार्यकर्ता ने बेहद सराहनीय कार्य किया है। मां और बच्चा दोनों चिकित्सकों की निगरानी में पूरी तरह स्वस्थ हैं।

 

अगल से टीम तैनात की

ज्योतिर्मठ में एंबुलेंस जाम में फंसने की यह दूसरी घटना है। दरअसल, ज्योतिर्मठ में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नृसिंह मंदिर के पास है। यहां पर इन दिनों यात्री वाहनों का दबाव है। साथ ही पुलिस प्रशासन ने वनवे कर इस मार्ग को बदरीनाथ जाने के लिए इस्तेमाल किया गया है।

यहां पर गेट सिस्टम में वाहनों कतार भी लगती है। बदरीनाथ हाईवे पर लगातार लग रहे जाम और एंबुलेंस के फंसने की घटना को लेकर पुलिस प्रशासन भी पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गया है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए ज्योतिर्मठ कोतवाली के प्रभारी देवेंद्र सिह रावत ने बताया कि चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या में अचानक भारी बढ़ोतरी होने के कारण हाईवे पर दबाव बढ़ा है, जिससे जाम की स्थिति पैदा हो रही है।

उन्होंने आश्वस्त किया कि आपातकालीन और इमरजेंसी सेवाओं के वाहनों को रास्ता दिलाने के लिए पुलिस की एक विशेष टीम का गठन किया गया है, जो मौके पर पहुंचकर तत्परता से जाम खुलवाने का काम कर रही है ताकि भविष्य में किसी भी मरीज या आवश्यक सेवा को रुकावट का सामना न करना पड़े।