अलीगढ़: कार सर्विस सेंटर में महिला कर्मचारी पर ब्लैकमेल और यौन शोषण का आरोप
Aligarh: Woman employee at car service centre
हरदुआगंज (अलीगढ़)। हैरान करने वाला मामला सामने आया है। प्रतिष्ठित कार कंपनी के सर्विस सेंटर मालिक और एचआर मैनेजर सहकर्मी युवती पर शराब पार्टी में शामिल होने का दबाव बनाते थे।
तालानगरी में स्थित एक कार सर्विस सेन्टर में काम करने वाली महिला कर्मचारी ने सर्विस सेंटर के मालिक समेत कई अन्य सहकर्मियों पर यौन शोषण और ब्लैकमेलिंग का आरोप लगाते हुए मंगलवार दोपहर थाने में तहरीर दी है।
आरोप है कि शिवरात्रि के दिन प्रसाद में नशीला पदार्थ मिलाकर पिलाया, बेहोशी की हालत में उसके साथ गलत काम किया गया। बुधवार को एसएसपी से शिकायत के बाद सीओ अतरौली मामले की जांच में जुटे हैं।
पीड़िता महिला ने बताया कि सितंबर 2025 से वह कार सर्विस सेंटर पर नौकरी कर रही थी, इस दौरान कई बार एचआर हेड ने जबरन शराब पार्टी में शामिल होने का दबाव बनाया, लेकिन उसने मना कर दिया।
आरोप है कि शिवरात्रि के दिन एचआर हेड ने आफिस में प्रसाद बताकर दो अन्य महिला सहकर्मियों संग मिलकर उसे लस्सी पिला दी, तब मालिक भी मौजूद थे। कुछ देर बाद वह बेहोश हो गई।
पीड़िता का आरोप है कि एचआर हेड ने गलत नीयत से प्रसाद में नशीला पदार्थ मिलाकर पिलाया और शाम छह बजे उसे अर्ध बेहोशी की हालत में आफिस की एक लड़की के सतब ई रिक्शा से उसे घर छोड़ा।
तीन दिन बाद वह काम पर गई तो एचआर हेड ने गाली-गलौज कर नौकरी पर आने से मना कर दिया और झूठे मुकदमों में फंसाने की धमकी दी जिसको लेकर ब्लैकमेल किया जा रहा है।
महिला ने बेहोशी के दौरान अपने साथ यौन उत्पीड़न अथवा अश्लील कृत्य होने की आशंका जताते हुए आफिस परिसर व केबिन में लगे सीसीटीवी कैमरे की रिकार्डिंग के आधार पर कार्रवाई की मांग की है।
मंगलवार को थाने में तहरीर देने पर रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई तो बुधवार को पीड़िता ने एसएसपी दफ्तर पहुंचकर कार्रवाई की मांग की है।
इस मामले में सर्विस सेंटर स्वामी का कहना है कि उसका इस मामले से कोई लेना देना नहीं है, महिला कर्मियों के बीच आपसी कलह हुई है, जिससे उनका कोई सरोकार नहीं है, सीओ राजीव द्विवेदी का कहना है कि मामले की हर पहलू पर जांच जारी है।