अखिलेश यादव का सरकार पर प्रहार: "फसलें बर्बाद, पर मुआवजा नदारद"; जिलों के नाम गिनाकर लगाया अनदेखी का आरोप

अखिलेश यादव का सरकार पर प्रहार: "फसलें बर्बाद, पर मुआवजा नदारद"; जिलों के नाम गिनाकर लगाया अनदेखी का आरोप

Akhilesh Yadav Slams Government

Akhilesh Yadav Slams Government

लखनऊ। Akhilesh Yadav Slams Government, समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने प्रदेश में बेमौसम बारिश, आंधी और ओलावृष्टि से किसानों को हुए भारी नुकसान पर भाजपा सरकार को घेरा है। आरोप लगाया कि फसलें बर्बाद होने के बावजूद अब तक किसानों को कोई राहत या मुआवजा नहीं मिला है।

उन्होंने मैनपुरी, कन्नौज, बाराबंकी, सीतापुर, हाथरस, अयोध्या, मेरठ, पीलीभीत, मथुरा, हरदोई, सोनभद्र और श्रावस्ती सहित कई जिलों का जिक्र करते हुए कहा कि किसान पूरी तरह से नुकसान झेल रहा है।

मंत्री सिर्फ हवाई सर्वेक्षण और घोषणाएं कर रहे हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर किसानों को कोई मदद नहीं मिल रही। फसल बर्बाद होने से किसान आर्थिक संकट में है और दाने-दाने के लिए परेशान हो रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि किसानों के गेहूं की खरीद नहीं हो रही और उन्हें फसल का सही दाम नहीं मिल रहा।

आलू किसानों को भी भारी नुकसान हुआ है, क्योंकि उन्हें उचित कीमत नहीं मिल पाई। सपा की सरकार में अनाज, आलू और अन्य फसलों के लिए नई मंडियां बनाई जा रही थीं, लेकिन भाजपा ने इन कामों को रोक दिया।

इसके साथ ही कन्नौज में कोयला लदे ओवरलोड और अनियंत्रित ट्रक के एक दुकान पर पलटने से हुई दुर्घटना पर दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों को एक-एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की। साथ ही सरकार से मांग की कि प्रत्येक मृतक के परिवार को 10-10 लाख रुपये का मुआवजा दिया जाए।