Ajmer News: पीएम मोदी 28 फरवरी को कायड़ में सभा करेंगे, ट्रैफिक डायवर्जन लागू

Ajmer News: पीएम मोदी 28 फरवरी को कायड़ में सभा करेंगे, ट्रैफिक डायवर्जन लागू

Ajmer News: PM Modi to hold rally in Kayad on

Ajmer News: PM Modi to hold rally in Kayad on

Ajmer News: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 28 फरवरी को अजमेर के कायड़ आ रहे हैं. इस हाई-प्रोफाइल दौरे को लेकर प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं, जिसका सीधा असर शहर और हाईवे के ट्रैफिक पर पड़ने वाला है. शनिवार सुबह 6 बजे से ही पूरे शहर में विशेष ट्रैफिक डायवर्जन लागू कर दिया जाएगा. अगर आप ब्यावर, जयपुर या किशनगढ़ की ओर जाने की सोच रहे हैं, तो अपना रूट प्लान अभी देख लें. प्रशासन ने साफ कर दिया है कि सुरक्षा और सुचारू यातायात के लिए कई प्रमुख रास्तों पर सामान्य और भारी वाहनों का प्रवेश वर्जित रहेगा.

भारी वाहनों के लिए 'नो-एंट्री', यहां से आपको मुड़ना होगा 

ट्रैफिक एडवाइजरी के अनुसार, ब्यावर रोड से जयपुर जाने वाले भारी वाहनों को अब सीधे जाने की इजाजत नहीं होगी. उन्हें मांगलियावास तिराहे से नसीराबाद रोड की ओर डायवर्ट कर दिया जाएगा. इसी तरह, मकराना, रूपनगढ़ और थांवला तिराहे से जयपुर की ओर जाने वाले ट्रकों और ट्रेलरों के लिए भी अलग रास्ते तय किए गए हैं. किशनगढ़-गेगल-कायड़-ब्यावर मार्ग पर सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक सबसे ज्यादा दबाव रहेगा, इसलिए इस दौरान कायड़ और गेगल टोल प्लाजा वाले रूट का इस्तेमाल करने से बचें.

क्रिकेट स्टेडियम पार्किंग से आगे जाने की इजाजत नहीं

पीएम की सभा कायड़ विश्राम स्थली में होनी है, इसलिए इस इलाके के आसपास का ट्रैफिक पूरी तरह बदला हुआ नजर आएगा. लाडपुरा तिराहा और घूघरा गांव के पास से चारपहिया वाहनों के लिए डायवर्जन पॉइंट बनाए गए हैं. नागौर रोड की तरफ से आने वाले लोग ध्यान दें कि क्रिकेट स्टेडियम पार्किंग से आगे कायड़ की ओर किसी भी सामान्य वाहन को नहीं जाने दिया जाएगा. पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे अपनी गाड़ियां केवल पुलिस द्वारा निर्धारित की गई पार्किंग में ही खड़ी करें, वरना उन्हें हटा दिया जाएगा.

अजमेर से शुरू होगा HPV टीकाकरण अभियान

पीएम मोदी का यह दौरा सिर्फ सभा तक सीमित नहीं है. वे यहां से देश की बेटियों के लिए HPV टीकाकरण अभियान की शुरुआत भी करेंगे. पुलिस महानिदेशक (कानून-व्यवस्था) वी.के. सिंह ने बताया कि सभा स्थल पर जुटने वाली भारी भीड़ को देखते हुए अजमेर-जयपुर नेशनल हाईवे पर यातायात का दबाव काफी बढ़ सकता है. पुलिस ने साफ किया है कि किशनगढ़-अजमेर बाईपास पर वैकल्पिक रास्तों का ही चयन करें ताकि किसी भी इमरजेंसी की स्थिति में फंसे बिना आप अपनी मंजिल तक पहुंच सकें.